आगरालीक्स...धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण पर कही ऐसी बात, संत बोले—वृंदावन में घुसने नहीं देंगे. अब मांग रहे माफी
बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस समय सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं. सपा कांग्रेस सहित राजनीतिक दलों के लोग भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को जमकर सुना रहे हैं तो वहीं वृंदावन के संत भी आक्रोश में हैं. दरअसल शिवपुरी में एक धार्मिक कार्यक्रम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण भगवान को टेढ़ा कह दिया. यह बात उनकी सोशल मीडिया पर फैल गई जिस पर महंत और धर्माचार्यों ने नाराजगी जताते हुए उनसे माफी मांगने को कहा है. महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज ने कहा कि यदि धीरेंद्र शास्त्री ने व्यंग्य में ऐसा कहा है तो उन्हें वृंदावन में घुसने नहीं दिया जाएगा. हालांकि सोशल मीडिया पर जमकर किरकिरी होने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने माफी मांग ली है और इसका वीडियो भी जारी किया है.
वृंदावन के संतों का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के बारे में हंसी मजाक में कहा तो ठीक है, यदि व्यंग्य में धीरेंद्र शास्त्री ने श्रीकृष्ण के लिए टेढ़े होने की बात कही है तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा उन्हें वृंदावन में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. स्वामि सत्यमित्रानंद महाराज ने कहा कि जब करोड़ों भक्तों की आस्था का विषय होता है तो बोलने से पहले चिंतन मनन कर लेना चाहिए.