आगरालीक्स…आगरा में जन्मजात कटे होंठ, कटे तालु, चेहरे और जबड़े संबंधी विकृति के मरीजों को मिला निःशुल्क परामर्श, चयनित निर्धन मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन कराएगा पं. दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट
जनसेवा एवं स्वस्थ समाज के संकल्प को साकार करने एवं स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान को बल प्रदान करने के उद्देश्य से पं. दीनदयाल उपाध्याय फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा रविवार को बाग फरजाना स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में 11 वें जन कल्याणकारी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिविर में क्रैनियो-मैक्सिलो-फेशियल कॉस्मेटिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं जाने माने कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. गौरव महेश गुप्ता ने जन्मजात कटे होंठ, कटे तालु, नाक, चेहरे और जबड़े संबंधी विकृति, जबड़े के जोड़ की समस्या, मुँह या जबड़े की गाँठ, सिस्ट, ट्यूमर एवं मुँह खोलने में कठिनाई महसूस करने वाले 50 मरीजों की निशुल्क जाँच कर उन्हें उचित परामर्श प्रदान किया।
ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक ने बताया कि जन्मजात कटे होंठ एवं कटे तालु के चयनित 20 निर्धन और जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन ट्रस्ट द्वारा करवाया जाएगा। उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपील की कि अगर आपके आसपास कोई ऐसा जरूरतमंद मरीज है तो उसका नाम ट्रस्ट को अवश्य प्रदान करें। इससे पूर्व विशिष्ट अतिथि आईएमए के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर धाकरे और एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। अतिथियों ने ट्रस्ट के इस जनसेवी कार्य की सराहना की और कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंदों को समय पर सही उपचार और मार्गदर्शन मिलता है।
अतिथियों के साथ ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विवेक पाठक, वरिष्ठ संरक्षक पं. हरिनारायण चतुर्वेदी, अध्यक्ष अभिषेक पाठक और राजेश चतुर्वेदी ने जरूरतमंदों को निशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए गैलेक्सी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. गौरव महेश गुप्ता, डॉ. राकेश त्यागी और डॉ. शर्मिला पंजवानी को अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व राजा दशरथ समाजसेवी संतोष शर्मा, डॉ. अर्पिता खरे और डॉ. शिवालिक शर्मा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।