आगरालीक्स…आगरा में गैंगस्टर की धमकी से डराकर युवक ने की छात्रा से दोस्ती. जबरन संबंध बनाने पर किया मजबूर. 20 लाख रुपये तक वसूले. अब कर रहा ब्लैकमेल…
आगरा में एक छात्रा के साथ शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है. स्कूल और फिर कॉलेज में साथ पढ़ने वाला वाले युवक पर छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस आयुक्त से शिकायत की जिसके बाद लोहामंडी थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
गैंगस्टर की धमकी से डराकर की दोस्ती
लोहामंडी में रहने वाली युवती वर्तमान में जेएनएम की छात्रा है. शिकायत में युवती ने बताया कि अग्रसेन भवन लोहामंडी के सामने रहने वाला एक युवक उसके साथ नौवीं कक्षा से पढ़ रहा है. दोनों ने 2022 में एमजी रोड पर एक कॉलेज में बीकॉम में दाखिला लिया. आरोप है कि युवक ने उसके साथ नजदीकी बढ़ाने का प्रयास किया जिस पर छात्रा ने युवक की बहन से शिकायत कर दी. इसके बाद छात्रा के पास दिल्ली के गैग के नाम से मैसेज आने लगे और युवक से दोस्ती करने और उसके साथ घूमने, फिल्म देखने जाने का दबाव बनाया गया. मना करने पर पूरे परिवार को मार देने की धमकी दी. इस पर छात्रा आरोपी की बात मान गई और आरोपी उसका शोषण करने लगा. आरोप है कि आरोपी गैंग के सदस्यों के नाम से विभिन्न खातों में 10 से 12 लाख और 8 लाख कैश ले चुका है. यही नहीं छात्रा ने आरोप लगाया कि उसके आधार कार्ड पर 16 हजार का लोन करवा लिया जिसकी किस्तें बकाया हैं. यूपीआई खाते की लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी उसी के पास है.
युवती ने बताया कि आरोपी युवक कहता है कि गैंग को वह 20 हजार देकर उसकी हत्या की सुपारी दे चुका है. इसके अलावा वह रिश्तेदारों और परिचितों को उसके वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी देता है या खुद आत्महत्या कर पूरे परिवार को फंसाने की बात कहकर डराता है. छात्रा ने बताया कि डर के मारे उसने अपनी पढ़ाई भी बीच सत्र में छोड़ दी है. आरोपी अभी भी उसे धमकाता है.