आगरालीक्स ….सीएम योगी आदित्यनाथ आज खेरिया एयरपोर्ट से मथुरा जाएंगे, विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होंगे, कल यानी मंगलवार को आगरा आएंगे।
विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा का आज से मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर शुरू हो रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही दोनों डिप्टी सीएम सहित संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर दो बजे खेरिया एयरपोर्ट पर आएंगे, यहां से मथुरा के लिए रवाना होंगे और चुनावी रणनीति के लिए मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में शामिल होंगे। मंगलवार को चिंतन शिविर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।
मंगलवार को आगरा आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद मंगलवार दोपहर में सीएम योगी आदित्यनाथ मथुरा से आगरा आएंगे। वे यहां फतेहाबाद से भाजपा के विधायक रहे दिवंगत छोटेलाल वर्मा के शमसाबाद रोड स्थित आवास पर परिजनों से मिलने के लिए जाएंगे। इसके साथ ही वे अधिकारियों के साथ बैठक भी कर सकते हैं।
तैयारी में जुटे अधिकारी
सीएम योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को आगरा आने के कार्यक्रम को देखते हुए अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। सड़कों की साफ सफाई की जा रही है। उनके आवागमन के मार्ग पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।