आगरालीक्स…आगरा में तीन जरूरतमंद बेटियों की शादी में मदद को आगे आया लायंस क्लब अमीगोस. गृहस्थी का सामान और आर्थिक सहायता देकर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब आगरा अमीगोस की ओर से फतेहाबाद रोड स्थित होटल हॉवर्ड प्लाजा में भव्य चार्टर नाइट एवं सर्विस मीट का आयोजन किया गया। समारोह में क्लब की ओर से तीन जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान कर सामाजिक सेवा की अनूठी मिसाल पेश की गई। एक बेटी को गृहस्थी का आवश्यक सामान और आर्थिक सहायता भेंट की गई, जबकि दो अन्य बेटियों को विवाह के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में लायंस इंटरनेशनल के पूर्व डायरेक्टर जितेंद्र चौहान एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आर.एन. वर्मा उपस्थित रहे। क्लब पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

सेवा प्रकल्प के अंतर्गत एक जरूरतमंद बेटी को विवाह के अवसर पर डबल बेड, अलमारी, फर्नीचर, टीवी, फ्रिज सहित गृहस्थी का संपूर्ण आवश्यक सामान भेंट किया गया। इसके साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। वहीं दो अन्य जरूरतमंद बेटियों को उनके विवाह के लिए आर्थिक सहयोग देकर नए जीवन की शुरुआत में मदद की गई। मुख्य अतिथि डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि जरूरतमंद बेटियों को विवाह के अवसर पर सहयोग प्रदान करना सराहनीय सामाजिक पहल है। बेटियों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि जितेंद्र चौहान ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। किसी बेटी के विवाह में सहयोग करना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि एक परिवार की खुशियों और सम्मान से जुड़ने का माध्यम है। उन्होंने लायंस क्लब अमीगोस के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे कार्यों में आगे आने का आह्वान किया। क्लब अध्यक्ष सागर गोयल ने कहा कि चार्टर नाइट केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को दोहराने का दिन है। क्लब का निरंतर प्रयास है कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाई जाए। तीन बेटियों के विवाह में सहयोग क्लब के सभी सदस्यों के सामूहिक सेवा भाव का परिणाम है। भविष्य में भी क्लब इसी भावना के साथ सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्य जारी रखेगा। कार्यक्रम का संयोजन क्लब अध्यक्ष सागर गोयल एवं कीर्ति गोयल, सचिव पुंजी अग्रवाल एवं हर्षिता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शुभम बंसल एवं दिशा बंसल तथा सर्विस चेयरपर्सन विनायक अग्रवाल एवं पायल अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया।