आगरालीक्स… आगरा के संजय प्लेस में मैक्स मॉल में लगी आग में लाखों के कपडे जलकर स्वाह हो गए, मॉल के शीशे तोडकर दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। मॉल में आग लगने पर आस पास की बिल्डिंग में लोग दहशत में रहे। मॉल में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। तीन मंजिला मैक्स मॉल में आग में भूतल पर रखा सारा सामान जलकर स्वाह हो गया।
आगरा के संजय प्लेस में तीन मंजिला मैक्स मॉल है, इसमें कपडों के साथ ही डेली नीड के आइटमस हैं। सोमवार सुबह लोगों को मॉल के शटर के नीचे से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया, उन्होंने 100 नंबर पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद मॉल का शटर खोलते हुए लोग बाहर की तरफ भागे, मॉल के ग्राउंड फ्लोर से आग की लपटें बाहर की तरफ निकल रहीं थी, कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। मॉल का सामने का शटर खोला गया था, वहां आग की लपटों के बाद लोग पीछे हट गए।
शीशे तोडकर दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
मैक्स मॉल के एक तरफ रोड है, दमकल कर्मियों ने रोड की तरफ से मॉल में प्रवेश के लिए शीशे तोडे, इसके बाद दमकल की गाडियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए। आग की लपटों को काबू किया लेकिन धुआं निकलता रहा।
पहली मंजिल पर आग पहुंचने का डर
इस दौरान ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल तक आग पहुंचने के डर से लोग दहशत में रहे, करीब दो घंटे बाद आग की लपटों पर काबू पाया जा सका, इसके बाद दमकल कर्मी मॉल में अंदर गए। मॉल के शोकेस में रखे कपडे जलकर स्वाह हो गए और उनमें आग सुलग रही थी, उन्हें दमकल कर्मियों ने बुझाया। इसके बाद पहली मंजिल को चेक किया, आग को पहले ही काबू कर लिया गया था।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
मैक्स मॉल की पहली मंजिल पर जाने के लिए बनी सीढी पर मीटर और एमसीवी लगा हुआ है, इसमें शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका है, आग की कारणों की जांच की जा रही है।