आगरालीक्स.. आगरा के सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ पीई जोजफ की नियुक्ति का मामला गर्मा गया है। कमिश्नर द्वारा गठित कमेटी ने प्राचार्य को योग्य नहीं माना है और 10 दिसंबर तक कार्रवाई के लिए कुलसचिव डॉ बीआर आंबेडकर विवि को आदेश देते हुए विशेष सचिव उच्च शिक्षा मधु जोशी ने अवगत कराने के लिए कहा है। मगर, विवि प्रशासन ने सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ पीई जोजफ की नियुक्ति पर कोई जवाब नहीं दिया है।
कॉलेज के गेट पर क्रमिक अनशन
सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ पीई जोजफ की योग्यता को चुनौती देने वाले पूर्व छात्र नेता एडवोकेट मदन मोहन शर्मा ने क्रमिक अनशन की चेतावनी दी है, मंगलवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि अयोग्य शिक्षक को प्राचार्य बना दिया गया है, इससे कॉलेज की शैक्षिक गुणवत्ता खराब हो रही है। विवि प्रशासन जब तक प्राचार्य की नियुक्ति को निरस्त नहीं करता है, कॉलेज के गेट पर क्रमिक अनशन किया जाएगा। उन्होंने शहर के सामाजिक और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे संगठनों से समर्थन मांगा गया है।