आगरालीक्स …आगरा पुलिस की नाकेबंदी के बाद किडनैपर सेंट जॉर्जेज कॉलेज के नौंवी के छात्र को छोडकर भाग गए। छात्र को कार सहित किडनैप कर बीच बाजार से बदमाश ले गए थे। पुलिस ने जिले भर में चेकिंग शुरू करा दी, तीन घंटे बाद बदमाश मुडी चौराहा खंदौली के पास छात्र को छोडकर भाग गए। कार भी पुलिस को मिल गई है।
आगरा के सदर क्षेत्र स्थित नेहरू एनक्लेव निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय एलआईसी में अधिकारी हैं। उन्होंने रविवार को नई कार खरीदी थी, वे सोमवार शाम साढ़े सात बजे अपने बड़े बेटे अंशुमान और छोटे 14 वर्षीय सेंट जॉर्जेज स्कूल के नौंवी के छात्र अर्पित के साथ गाडी में एसेसरीज डलवाने के लिए प्रतापुरा पहुंच गए। यहां कार डेकोरेशन की दुकान के सामने कार रोकना प्रतिबंधित है। उन्होंने कार को चर्च के सामने खाली मैदान में खडा कर दिया और अंशुमान और अर्पित कार में छोडकर एसेसरीज की दुकान पर चले गए।
बदमाश ने अंशुमान को भेजकर अर्पित को किया किडनैप
कार में अंशुमान और अर्पित बैठे हुए थे। इसी बीच एक युवक आया और उसने अंशुमान से कहा कि तुम्हे पापा बुला रहे हैं। अंशुमान दुकान पर चला गया। इसी दौरान बदमाश कार सहित अर्पित का अपहरण कर ले गए। थोड़ी देर बाद जब अंशुमान वहां पहुंचा तो कार गायब मिली। अर्पित का मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा था। इससे उन्हें चिंता हुई। पुलिस को अपहरण की सूचना दी।

जिले में नाकाबंदी, तीन घंटे बाद मिला छात्र
पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी करा दी, छात्र की तलाश में पुलिस अधिकारियों की टीम को लगाया गया। रात 10. 30 बजे मुडी का चौराहा खंदौली पर पुलिस को अर्पित मिल गया। कुछ देर बाद ही आरबी डिग्री कॉलेज कालिंदी विहार के पास कार भी मिल गई। पुलिस छात्र से पूछताछ कर रही है।