आगरालीक्स.. आगरा की महिला क्रिकेटर पूनम यादव को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। शनिवार को खेल मंत्रालय द्वारा गठित कमेटी ने पूनम यादव को अर्जुन अवार्ड देने की घोषणा की।
वे भारतीय रेलवे महिला क्रिकेट टीम के साथ सिकंदराबाद में हैं। पूनम यादव वर्तमन में आगरा रेल मंडल में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
ईदगाह रेलवे कॉलोनी स्थित पूनम के घर पर उनके पिता रघुवीर सिंह, मां मुन्नी देवी, बहन नीरजा और भाई मुनेन्द्र प्रताप सिंह और आशुतोष के पास बधाई देने के लिए लोग आने लगे। .अप्रैल माह में बीसीसीआई ने पूनम यादव का नाम देश के दूसरे सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए भेजा था।
2013 में शुरू हुआ अंतर्राष्ट्रीय कॅरियर
पूनम का अंतर्राष्ट्रीय करियर अप्रैल 2013 में शुरू हुआ। पूनम ने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच बांग्लादेश के खिलाफ 12 अप्रैल 2013 को अहमदाबाद में खेला था। अब तक पूनम 41 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 21.09 के औसत से 63 विकेट ले चुकी हैं। राइट आर्म लेग स्पिनर पूनम ने 54 टी-20 मैच खेले हैं। इनमें पूनम ने 14.77 की किफायती औसम से 74 विकेट लिए हैं। पूनम ने एक टेस्ट भी खेला है। 16 से 19 नवंबर तक मैसूर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूनम ने 3 विकेट लिए थे। .