आगरालीक्स.. आगरा में गाडी टकराने के बाद कपडा कारोबारी को मैदा कारोबारी ने मारी थी गोली, पुलिस ने 1300 कारों के फुटेज खंगाले, नेपाल भागने से पहले ही पुलिस ने मैदा कारोबारी राजीव अग्रवाल को अरेस्ट कर लिया।
शनिवार (सात दिसंबर 2019) की रात 10 बजे आगरा के दुर्गा एन्क्लेव, बल्केश्वर निवासी कपडा कारोबारी राहुल अग्रवाल (32) अपने सुभाष बाजार में साडियों के शोरूम को बंद कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। वाटर वक्र्स चौराहे पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। आईजी ए सतीश गणेश के निर्देशन में एसएसपी बबलू कुमार ने एसपी सिटी सहित पुलिस को टीम को हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाया। पुलिस ने वाटर वक्र्स चौराहे के आस पास लगे सीसीटीवी चेक किए, इसमें राहुल अग्रवाल का एक कार चालक से विवाद होता दिखाई दे रहा था। पुलिस की टीम ने चार घंटे में वाटर वक्र्स से गुजरी 1300 गाडियों की डिटेल आरटीओ की मदद से खंगाली।

कार से एक्टिवा टकराने पर मैदा कारोबारी ने मारी थी गोली
पुलिस ने राहुल अग्रवाल से विवाद कर रहे कार चालक को आरटीओ की मदद से चिन्हित कर लिया। कार कमला नगर निवासी मैदा कारोबारी राजीव अग्रवाल की निकली, उसके मोबाइल बंद मिले, पुलिस ने सर्विलांस की मदद से राजीव अग्रवाल को बरेली बंदायूं रोड से पकड लिया। वह नेपाल भागने की तैयारी में था। पूछताछ में सामने आया है कि राहुल अग्रवाल एक्टिवा से घर लौट रहा था, मैदा कारोबारी राजीव अग्रवाल कार से आ रहा था। कार से एक्टिवा टकरा गई, इसे लेकर विवाद हो गया। राजीव अग्रवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राहुल को गोली मार दी, राहुल की मौत हो गई।
पुलिस टीम को ईनाम
आगरा पुलिस ने 24 घंटे से पहले हत्याकांड का खुलासा कर दिया, पुलिस टीम को ईनाम दिया गया है।