आगरालीक्स …आगरा से बच्चा चोरी कर व्हाटएप पर फोटो भेजकर तीन से पांच लाख में बेच रही बार डांसर और लिव इन रिलेशन में रह रहे युवक को दबोचा, सात बच्चे चोरी करने की आशंका है। पुलिस जांच में जुटी है।
बाह के पार्वती पुरा निवासी ग्यासीराम के ढाई माह के बेटे उदय को छत्ता क्षेत्र से 25 जनवरी को अगवा कर एक महिला ले गई थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो बच्चा अगवा करने वाली महिला के साथ फतेहाबाद के पलिया निवासी केशव दिखा। यह अबोध का फूफा था और मुकदमा दर्ज कराने भी पीड़ित के साथ थाने आया था। पुलिस को इस पर शक हुआ। मोबाइल की कॉल डिटेल से राज खुल गया। पुलिस मुंबई के एपीएमसी नवी मुंबई में खैरने गांव निवासी मीना देवी के पास पहुंच गई। वहां से मीना को बच्चे के साथ दबोच लिया।
एसपी सिटी रोहन बोत्रे ने बताया कि केशव मीना के साथ लिव इन में रहता है। वह मुंबई के बच्चा चोर गैंग से जुड़ी है। वाट्सएप पर बच्चों के फोटो भेजकर वे तीन लाख रुपये में बच्चे चोरी कर उपलब्ध कराती है। कुछ लोगों को सरोगेट मदर बनने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठग लेती है। केशव के कहने पर ही उसने उदय को अगवा किया। पुलिस को आशंका है कि अभी तक यह महिला सात से आठ बच्चे चोरी कर चुकी है। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। अगवा बच्चे की तबियत ठीक नहीं थी। इसलिए पुलिस ने उसे मुंबई के अस्पताल में भर्ती करा दिया। छत्ता थाने के सब इंस्पेक्टर राजकुमार उसकी तीमारदारी को वहीं रुके थे।
महिला को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर छत्ता सुनील दत्त, एसआइ नरेंद्र कुमार, एसआइ राजकुमार, एसआइ सर्वेश कुमार, एसआइ गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल नेत्रपाल, कांस्टेबल संदीप और महिला कांस्टेबल साक्षी शामिल रहे।