आगरालीक्स… आगरा में 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पत्नी मेलानिया संग ताज देखेंगे, दो घंटे के विजिट पर 100 करोड का खर्चा हो रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनगर के साथ 24 फरवरी को आगरा आ रहे हैं, वे यहां शाम 4. 30 बजे आगरा आ जाएंगे और ताजमहल का दीदार करने के बाद 6 .30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे आगरा में दो घंटे रहेंगे, इसके लिए करीब 100 करोड रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
70 करोड सुरक्षा पर खर्च
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के ताजमहल के दीदार के लिए 100 करोड रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें से 70 करोड रुपये उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे। आगरा के सितारा होटलों मे अमेरिकी दल के लिए 500 कमरे बुक किए गए हैं। ये आठ दिन के लिए बुक किए गए हैं, इस पर करीब आठ करोड का खर्चा है। ट्रंप के विमान एयरफोर्स वन का एक घंटे का खर्चा करीब 70 लाख है यह आगरा में करीब ढाई घंटे रहेगा। दो कार्गो विमान एक दिन पहले आगरा में आ जाएंगे, इस पर करीब 2 .50 करोड रुपये खर्च होंगे। सात हेलीकॉप्टर आसमान से निगरानी रहेंगे, इस पर भी खर्चा होगा।
प्रदेश सरकार खर्च करेगी 16 करोड
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे के लिए प्रदेश सरकार 16 करोड रुपये खर्च कर रही है। इसमें से तीन करोड रुपये से ताजमहल में पुरातत्व विभाग काम कर रहा है, सुरक्षा सहित खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक 14 किलोमीटर के रास्ते को चमकाया जा रहा है। इस पर भी प्रदेश सरकार खर्च कर रही है।