आगरालीक्स.. आगरा से हरिद्वार और मथुरा के लिए हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा कर सकेंगे, इसके लिए हेलीपोर्ट बनाया जा रहा है। वहीं, 27 मार्च से आगरा से बैंगलुरू की फ्लाइट शुरू होने जा रही है। आगरा में ताज सहित अन्य स्मारकों का भी हेलीकॉप्टर से भ्रमण किया जा सकेगा, इसके लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।
आगरा में फतेहाबाद रोड पर इनर रिंग रोड के पास हेलीपोर्ट बनाया जा रहा है, पर्यटन विभाग द्वारा बनवाए जा रहे हेलीपोर्ट से हेलीकॉप्टर से आगरा भ्रमण किया जा सकेगा। आगरा के साथ ही आगरा आने वाले पर्यटक हेलीकॉप्टर में बैठकर ताज, आगरा किला, एत्माउददौला सहित अन्य स्मारकों का हवाई भ्रमण कर सकेंगे। इसके लिए कई कंपनियों ने प्रस्ताव दिए हैं। इसी तरह की हेलीकॉप्टर की सेवा गोवर्धन दर्शन के लिए चल रही है।
आगरा से मथुरा और हरिद्वार, हेलीकॉप्टर सेवा
इसी तरह आगरा से मथुरा और हरिद्वार के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू हो सकती है, कई कंपनियों ने इसका प्रस्ताव दिया है। हेलीपोर्ट से हेलीकॉप्टर मथुरा और हरिद्वार के लिए उडान भरेगा, अभी किराया निर्धारित नहीं किया गया है लेकिन यह ज्यादा नहीं होगा।
आगरा से बैंगलुरू 27 मार्च से
अभी आगरा से जयपुर के लिए सप्ताह में तीन दिन फ्लाइट है। अब आगरा से बैंगलुरू के लिए 27 मार्च से फ्लाइट शुरू हो रही है, इसके सफल होने पर कई और शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू हो सकती हैं।