आगरालीक्स..चारा घोटाले में जेल में बंद आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव को जमानत मिल गई है लेकिन अभी जेल में रहेंगे, आगरा और देश दुनिया की अभी तक की खबरें।
चारा घोटाले में जेल में बंद आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को चाइबासा राजस्व मामले में जमानत मिल गई है। इसके बावजूद लालू को अभी जेल में ही रहना पड़ेगा क्योंकि दुमका राजस्व मामले की सुनवाई अभी पूरी नहीं हुई है। बता दें कि लालू चाइबासा मामले में आधी सजा पूरी कर चुके हैं।
पासवान की अंत्येष्टि शनिवार को
बिहार के कद्दावर नेता रामविलास पासवान का कल (शनिवार) को अंतिम संस्कार किया जाएगा। पासवान का गुरुवार को दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, शरद पवार समेत कई केंद्रीय नेताओं ने आज अंतिम विदाई दी। पासवान की पार्थिव देह को वायुसेना के विशेष विमान से पटना ले जाया जाएगा। पासवान के परिजनों के अलावा केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी विमान से आज दोपहर दो बजे पटना जाएंगे।
नई पार्टी का रजिस्ट्रेशन सात दिन में ही
बिहार में इसी माह से शुरू होने जा रहे विधानसभा चुनावों से पहले निर्वाचन आयोग ने एक बड़ा फैसला लिया है अब तक किसी भी नई पार्टी को चुनाव लड़ने से पहले रजिस्ट्रेशन के लिए तीस दिन दिन का नहीं बल्कि सात दिन का ही नोटिस देना होगा। आयोग का यह फैसला 20 अक्टूबर तक ही मान्य होगा।
बिहार में एक और गठबंधन
बीस दिन बाद ही बिहार विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान होगा। लेकिन अभी भी राजनैतिक जोड़तोड़ का सिलसिला जारी है। आरएसएलपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, एआईएमआईएम के अध्यक्ष असुद्दीन औवेसी ने नये गठबंधन की घोषणा की है। इस गठबंधन में मायावती की बसपा समेत छह पार्टियां शामिल होंगी। अब देखना यह है कि यह गठबंधन चुनाव में क्या गुल खिलाएगा।
कोरोना संक्रमित 69 लाख पार
देश में कोरोना वायरस का कहर कम जरूर हुआ है लेकिन यह अभी थमा नहीं है। बीते 24 घंटे में 70,496 नये संक्रमितों के सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 69,06,152 हो गई है। इसी अवधि में कोरोना संक्रमित 964 मरीजों की मौत के बाद मौतों का आंकड़ा 1,06,490 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या 59,06,070 हो गई है।
भाजपा विधायक के रिश्तेदार की हत्या
उत्तर प्रदेश में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। गाजियाबाद के सिहानी थाना क्षेत्र के पटेलनगर में आज सुबह स्कूटी सवार दो बदमाशों ने भाजपा विधायक के रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल सिंह लागी का रिश्तेदार था। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
पत्नी का कटा सिर लेकर थाने पहुंचा
प्रदेश के ही बांदा जिल में एक व्यक्ति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी का फरसे से सिर काट दिया और उसका कटा हुआ सिर लेकर दो किलोमीटर दूर थाने पहुंच गया। इस घटना में पत्नी का कथित प्रेमी भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।
लड़की से मिलवाने का झांसा देकर अपहरण
यूपी के गाजियाबाद में पांच दोस्तों ने कथित तौर पर एक युवक को लड़की से मिलवाने का झांसा देकर उसका अपहरण कर लिया। पुलिस ने बताया कि पांचों दोस्तों ने पीड़ित के माता-पिता से 15 लाख रुपये की फिरौती वसूलने की भी कोशिश की। कॉल रिकार्ड का इनपुट मिलने पर पुलिस ने खोड़ा इलाके के नवीनतनगर में एक मकान पर छापा मारकर अपहृत युवक को बरामद कर लिया।
मैनपुरी में हत्या से सनसनी
मैनपुरी में आज सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच जुट गई है। मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजनी गांधी नगर में आज सुबह घात लगाकर बैठे हमलावरों ने सुरेंद्र यादव नामक युवक की गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।