आगरालीक्स… आगरा में सोना-चांदी की कीमतों में फिर उछाल आ गया है। सोने की कीमत में कई दिन की नरमी के बाद गरम रुख आया है लेकिन फिर भी अभी दीपावली और साहलग से पहले खरीदारी का बेहतर मौका है। सर्राफा बाजार में हाजिर सोना-99.99 के भाव 52,820 रुपये प्रति दस ग्राम के रहे।
वायदा बाजार में सोना बुधवार की सुबह 52,950 रुपये प्रति दस ग्राम पर खुला, जो मामूली गिरावट के बाद दोपहर को 51,100 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इसमें मामूली-उतार चढ़ाव बना हुआ था। वहीं चांदी की कीमतों में फिर तेजी आई है। चांदी सुबह 63,530 रुपये प्रति किलो के स्तर पर खुली, जो मामूली गिरावट के साथ 63,740 रुपये किलो के उच्चस्तर पर पहुंची लेकिन बाद में 63,629 रुपये प्रति किलो के भाव पर मामूली उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
शेयर बाजार में तेजी
शेयर बाजार में जोरदार तेजी के साथ सत्र का आगाज किया। अच्छी खरीदारी से बाजार को सहयोग मिला। अमेरिका में राहत पैकेज से उम्मीद बढ़ी है। घरेलू बाजार में तेजड़ियों का दबदबा है। अधिकांश कंपिनयों की कमाई उम्मीद से ज्यादा हो रही है। बीते 14 सत्रों में से 13 सत्रों में प्रमुख सूचकांकों ने हरे निशान पर कारोबार किया है। बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे बीएसई सेंसेक्स ने 377 अंक या 0.93 की मजबूती के साथ 40922 के स्तर पर कारोबार कर रिकार्ड कायम किया। वहीं निफ्टी भी 99 अंक या 0.83 फीसदी की तक की तेजी के साथ 11996 के स्तर पर कारोबार करते नजर आए। मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार से अच्छी खबर मिलने का घरेलू शेयर बाजार पर अच्छा असर पड़ा है।