आगरालीक्स…बर्ड फ्लू की फैल रही दहशत. क्या आप भी खा रहे हैं चिकन और अंडा. डॉक्टर्स से जानिए कितना सेफ ये खाना आपके लिए.
डॉक्टर्स ने बताया कि अगर अच्छी तरह से पकाएं तो कोई नुकसान नहीं
इस समय बॉयल अंडा खाने से रखें परहेज तो वायरस से रह सकते हैं दूर
जानिए किस तरह खा सकते हैं चिकन
सर्दी का मौसम चल रहा है और नॉनवेज के शौकीनों को इस मौसम में चिकन और अंडा खाना कुछ ज्यादा ही पसंद आता है. देश में इस समय बर्ड फ्लू (एवियन इन्फूलान्जा) का अलर्ट चल रहा है, ऐसे में नॉनवेज के शौकीन ये भी जानना चाहते हैं कि अंडा या चिकन खाना इस समय उनके लिए कितना सुरक्षित है. कहीं बर्ड फ्लू उन्हें अपनी चपेट में न ले ले. उनके इन्हीं सवालों का जवाब दिया है एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर प्रभात अग्रवाल ने. उन्होंने बताया कि अगर आप नॉनवेज यानी चिकन को अच्छी तरह से पकाते हैं या फ्राई करते हैं तो आप उसे खा सकते हैं. उससे आपको किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं है.
इस समय बॉयल अंडा खाने से परहेज करें. क्योंकि बॉयल अंडा एक तरह से कच्चा ही रहता है और वह उस तरह से पक नहीं पाता जिससे कि वायरस खत्म हो सके.
डॉ. प्रभात अग्रवाल, एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा
बॉयल अंडा न खाएं
डॉ. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि अगर आप इस समय बर्ड फ्लू से बचना चाहते हैं तो इस समय बॉयल अंडा खाने से परहेज करें. क्योंकि बॉयल अंडा एक तरह से कच्चा ही रहता है और वह उस तरह से पक नहीं पाता जिससे कि वायरस खत्म हो सके. उन्होंने बताया कि किसी भी वायरस को खत्म करने के लिए कम से कम 400 डिग्री सेल्सियस तापमान की आवश्यकता होती है, जो कि अंडे को अच्छी तरह से पकाने के बाद ही हो सकती है.
आगरा में पक्षियों की मौत पर दौड रहा प्रशासन
आगरा में इस समय बर्ड फ्लू का अलर्ट है. बुधवार को एक कबूतर और आज एक बाज की मौत पर दहशत छा गई. आनन—फानन में पशुपालन विभाग इसकी जांच करने के लिए भी पहुंचा. मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. वासुदेव सिंह तोमर ने आगरालीक्स बताया कि सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. ईगल के मरने कारण प्रारंभिक जांच में मांझे से उसकी गर्दन कटने से मरना पाया गया है, फिर भी उसे कब्जे में लेकर उसके सभी प्रकार के नमूने लेने के बाद जांच के लिए भेजा जा रहा है. उनका कहना है कि हालांकि अभी तक बर्ड फ्लू वायरस की कोई भी पुष्टि नहीं हुई है. जिले में रेपिड रेस्पांस टीम का गठन कर दिया है. जिले में 15 टीमें इस कार्य में लगाई गई हैं.
देश के कई राज्यों में है छाया बर्ड फ्लू का खौफ
देश के कई राज्यों में इस समय कोविड 19 से भी ज्यादा बर्ड फ्लू का खौफ छाया हुआ है. दिल्ली, हरियाणा में कई सारे पक्षियों के मरने की भी जानकारी मिल रही है. उनकी मौत की वजह बर्ड फ्लू बताया जा रहा है. ऐसे में कई राज्यों में बर्ड फ्लू की स्थिति गंभीर होती जा रही है. हालात ये हैं कि राज्यों ने अपने यहां गाइडलाइंस जारी कर दी हैं और हर जिले स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है. कुछ ऐसा ही हाल उत्तर प्रदेश का है. यूपी में भी हर जिले में बर्ड फ्लू का अलर्ट जारी है. गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं और हर जिले के प्रशासन व हेल्थ डिपार्टमेंट को इस वायरस पर निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं.
पशु चिकित्सा डा. विकास यादव ने बताया कि बर्ड फ्लू (एवियन इन्फूलान्जा) के बारे में लोगो को जागरूक किया जा रहा है. लोगों को डरने की जरूरत नही बल्कि इसे लेकर सजग रहने और किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर विभागीय अधिकारियों को सूचित करने की जरूरत है.