नईदिल्लीलीक्स… भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारत को आस्ट्रेलिया से कड़ी चुनौती मिली है। आस्ट्रेलिया के पहली पारी में 338 रन के जवाब में भारत ने दो विकेट पर 96 रन बना लिए हैं। पुजारा नौ और कप्तान रहाणे पांच नाबाद क्रीज पर हैं।
सिडनी में आज आस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन की शुरुआत दो विकेट पर 166 रन से की। लाबुशाने और स्मिथ आस्ट्रेलिया के स्कोर के दो सौ के पार ले गए। 206 रन के स्कोर पर लाबुशाने रवींद्र जडेजा की गेंद पर पुजारा के हाथ 91 रन पर आउट हुए, जबकि दूसरे छोर पर स्मिथ जमे रहे लेकिन दूसरे छोर पर थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल के बाद विकेटों का गिरना जारी रहा।
जडेजा का रॉकेट थ्रो
एस स्मिथ 131 रन बनाकर रवींद्र जडेजा के द्वारा रॉकेट थ्रो पर रन आउट किए गए। भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रवींद्र जडेजा ही रहे। उन्होंने 62 रन देकर चार विकेट लिए। बुमराह और नवदीप सैनी ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद सिराज के हाथ एक सफलता लगी।
भारत की सधी शुरुआत भारत ने अपनी पहली पारी टीम में वापसी करने वाले रोहित शर्मा और शुभमन गिल के साथ की। रोहित और गिल ने संभलकर बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए पचास रन की साझेदारी की। रोहित 70 रन के स्कोर पर 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे शुभमन गिल शानदार पचासा ठोकने के बाद कमिंस की गेंद पर आउट हो गए, इसके बाद पुजारा और कप्तान रहाणे ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया।