नईदिल्लीलीक्स… किसानों की ट्रैक्टर रैली पर दिल्ली पुलिस आज जारी करेगी दिशा-निर्देश। रूस में पुतिन के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
ट्रैक्टर परेड पर पुलिस का मंथन
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली पुलिस ने किसानों को दिल्ली के बाहर इनररिंग रोड पर ट्रैक्टर परेड निकालने की अनुमति दे दी है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल पुलिस कमिश्नर ट्रैक्टर परेड को लेकर आज शाम दिशा निर्देश जारी करेंगे। किसानों ने दिल्ली पुलिस से ट्रैक्टर रैली निकालने को लिखित अनुमति मांगी है। इस अनुमति पत्र में किसानों की सहमति से जो रूट तय हुए हैं, उनका भी जिक्र है। पुलिस ने किसानों को कुछ शर्ते दी हैं, जिन पर किसानों को भी अपना पक्ष देना है। किसानों ने ट्रैक्टर रैली के लिए जो रूट तैयार किया है उसके मुताबिक सिंधू-संजय गांधी अस्पताल औऱ बवाना है, जिसे शीघ्र पुलिस को सौंपा जाएगा।
जंगली हाथी के हमले में टूरिस्ट की मौत
केरल के वायनाड रिजॉर्ट में जंगली हाथी ने एक टूरिस्ट की जान ले ले ली। कन्नूर की रहने वाली शहाना (26वर्ष) शनिवार की रात को रिजॉर्ट से डिनर करके टेंट की तरफ लौट रही थी। इसी दौरान एक जंगली हाथी ने उसपर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। महिला अपने संबंधियों के साथ टैंट कैंप के लिए आई हुई थी।
पुतिन सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
रुस में विपक्षी नेता एलेक्सी नेवलनी की गिरफ्तारी के विरोध में आज पुतिन सरकार के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। करीब सौ से ज्यादा शहरों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान तीन हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। नवलेनी की पत्नी यूलिया को भी प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया। पुलिस इस दौरान प्रदर्शनकारियों को मारते-पीटते हुए ले गई। विपक्षी नेता नेवलनी को गत 17 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। वह पुतिन के सबसे चर्चित आलोचक के रूप में जाने जाते हैं।
एलएसी पर तनाव करने को फिर वार्ता
भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर जारी तनाव को कम करने के लिए लगभग ढाई महीने के बाद आज फिर से कॉर्प्स कमांडर स्तर की बैठक हो रही है। मई 2020 की शुरुआत से ही भारत और चीन के बीच सीमा के बीच गतिरोध जारी है। दोनों पक्षों के सैन्य अधिकारियों के बीच यह नौवें राउंड की बैठक है। दोनों कमांडर के बीच यह बैठक एलएसी के पास चीन की तरफ के हिस्से चुशुल में हो रही है।