आगरालीक्स… मतदाता दिवस कल सोमवार को मनाया जाएगा। जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायत चुनाव की तैयारियों में लगे प्रत्याशी और उनके समर्थक जहां मतदाता बढ़वाने और मतदातासूचियों को सही कराने में जुटे हैं। वहीं मतदाता दिवस पर भारत निर्वाचन आयोग तोहफा देने की तैयारी में है।
चुनाव आयोग देश के मतदाताओं को मतदाता दिवस के मौके पर इलेक्ट्रॉनिक इलेक्टर्स फोटो आईडेंटिटी एप (ई-इपिक) का उपहार देगा। इसकी मदद से मतदाता पहचान पत्र को डिजिटल रूप में रखा जा सकेगा। इसके तहत तय प्रक्रिया और और नियमों का पालन करना होगा। इसके बाद आधार की तरह ही मतदान पहचान पत्र डाउनलोड होकर ई-वालेट का हिस्सा बन जाएगा। डिजिटल कार्ड के लिए मतदाता को अपनी पूरी जानकारी का सत्यापन कराना होगा। बैंक की केवाईसी की तरह मोबाइल नंबर की तरह ई-मेल की अनिवार्यता होगी।
मोबाइल नंबर दर्ज होते ही आएगा पासवर्ड
मोबाइल नंबर चुनाव आयोग की मतदाता सूची में दर्ज होते ही एप के माध्यम से आवेदन करने पर मेल और एक संदेश फोन पर प्राप्त होगा। इसमें वनटाइम ओटीपी होगा, जो कि आपका पासवर्ड होगा। इसका प्रयोग कर कार्ड प्राप्त किया जा सकता है। इसमें दो क्यूआर कोड होंगे, एक में मतदाता की संपूर्ण जानकारी और दूसरे में उसके इलाके में होने वाले चुनाव और उससे जुडी जानकारियां होंगी।