आगरालीक्स…(वीडियो) उपाध्याय हॉस्पिटल में 7 साल की बेटी की मौत पर भड़के लोग. डॉक्टर को लिटा—लिटाकर जूतों से पीटा. सीसीटीवी फुटेज
बच्ची को थी पीलिया की शिकायत
शहीद नगर स्थित उपाध्याय नर्सिंग होम में सोमवार को 7 साल की लड़की की मौत पर भड़के परिजनों ने डॉक्टर को लिटा—लिटाकर जूतों से पीटा. पिटाई के बाद घायल हुए चिकित्सक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) में इसको लेकर आक्रोश है. जानकारी के अनुसार नौबरी बरौली अहीर के रहने वाले रमाकांत की सात साल की बेटी को पीलिया की शिकायत थी. इस पर रमाकांत ने अपनी बेटी को उपाध्याय नर्सिंग होम में भर्ती कराया था. यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रखर गुप्ता बच्ची का इलाज कर रहे थे.
मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा
बताया जाता है कि बच्ची की हालत गंभीर थी. रविवार को बच्ची को देखने के लिए गेस्ट्रोएंटोलाजिस्ट दीपक शर्मा को बुलाया गया लेकिन वे छुट्टी पर होने के कारण नहीं आए. सोमवार सुबह डॉ. दीपक शर्मा अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बच्ची को देखा लेकिन कुछ देर बाद ही बच्ची की मौत हो गई. परिजनों का आरोप था कि रविवार को फीस जमा करने के बाद भी डॉक्टर बच्ची को देखने नहीं आए. उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया. डॉक्टरों ने आक्रोशित परिजनों को किसी तरह शांत करा दिया. बच्ची का शव देने के बाद जैसे ही डॉक्टर दीपक शर्मा अपने गेट से बाहर आए तभी परिजनों ने उन्हें घेर लिया. हंगामा करते हुए डॉ. दीपक शर्मा का गला खींच कर पीटना शुरू कर दिया.
जमीन पर लिटाकर पीटा
ये देखकर एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डा रजनीश मिश्रा उन्हें बचाने के लिए पहुंचे तो लोगों ने उन्हें भी जमकर पीटना शुरू कर दिया. उन्हें जमीन पर लिटाकर जूतों से मारना शुरू कर दिया. पिटाई से डॉ. रजनीश मिश्रा को गंभीर चोट आई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में डॉ. रजनीश मिश्रा के पिता ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में तहरीर दी है. सीसीटीवी में पिटाई के फुटेज पुलिस को सौंपे गए हैं.
आईएमए में आक्रोश
इधर घटना को लेकर आईएमए में आक्रोश है. उन्होंने इस संबंध में मंगलवार सुबह साढ़े 9 बजे इमरजेंसी बैठक बुलाई है. घटना को लेकर डॉक्टरों में आक्रोश है.