आगरालीक्स.. आगरा नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए बाजारों में अभियान शुरू कर दिया है। संजय प्लेस में सडक पर लगे एसी, रैलिंग से लेकर खोखे ध्वस्त कर दिए।
आगरा में सोमवार से नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। नगर निगम की टीम बुल्डोजर को लेकर संजय प्लेस पहुंची। आजाद पेट्रोल पंप बाले रोड पर नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने क के लिए अभियान चलाया। बुल्डोजर ने एक के बाद एक खोखा ध्वस्त कर दिए।
दुकानदार हुए एकजुट, अतिक्रमण किए ध्वस्त
टीम के पहुंचते ही दुकानदार एकजुट होकर आ गए। मगर, टीम ने अपनी कार्रवाई बंद नहीं की। नगर निगम की टीम का कहना है कि दो दिन पहले ही अतिक्रमण अभियान की जानकारी दे दी गई थी। इसके बाद भी लोगों ने सडक और दुकान के बाहर किए अवैध निर्माण को ध्वस्त नहीं कराया है, इसलिए नगर निगम की टीम इन्हें ध्वस्त कर रही है। कुछ दुकानदारों ने बाहर एसी लगा रखे थे, वे भी टीम ने ध्वस्त कर दिए।
48500 रुपये का जुर्माना, एसी आउटडोर जब्त
नगर निगम की टीम ने शोरूम के बाहर रखे जेनरेटर, कैनोपी, एसी आउटडोर जब्त कर लिए। 15 पक्के निर्माण को ध्वस्त कर दिया, 10 जगह सीढियां और रैंप तोड दिए। आठ ठेल और तीन खोखों के खिलाफ कार्रवाई की, 48500 रुपये का जुर्माना वसूला। गंदगी करने वालों से 4300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
संजय प्लेस में चलता रहेगा अभियान
नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे का मीडिया से कहना है कि संजय प्लेस में अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन पहले मुनादी कराई, सात दिन पहले सार्वजनिक सूचना प्रकाशित की गई। इसके बाद अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के विरोध की कोई वजह नहीं है। अभियान तब तक चलेगा, जब तक सडक, फुटपाथ, कारिडोर, पार्किंग से अतिक्रमण नहीं हटा दिया जाता है।
शहर में चलेगा अभियान
नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए पूरे शहर में अभियान चलाया जाएगा, अभी संजय प्लेस से शुरूआत की गई है। इसके बाद अलग अलग क्षेत्रों में अभियान चलेगा। इससे पहले भी नगर निगम अभियान चला चुका है।