आगरालीक्स….(7 June 2021 Agra) आगरा में दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद दुकान खोली तो उड़ गए होश. चोर ताला तोड़कर ले गए ज्वैलरी, नकदी और कई कीमती सामान
दो दिन साप्ताहिक बंदी के कारण बंद थी दुकान
आगरा में चोरी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. हर दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं. रविवार रात को चोरों ने एक ज्वैलरी शॉप के ताले चटककार दुकान के अंदर से आभूषण पार कर दिए. दुकान दो दिन साप्ताहिक बंदी के कारण बंद थी. आज जब दुकानदार दुकान खोलने गया तब उसे इस वारदात की जानकारी हुई. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मामला थाना इरादतनगर कस्बा का है. यहां शेखर गुप्ता की ज्वैलरी शॉप व बर्तन की दुकान है. दोनों दुकानें बराबर—बराबर में हैं. बताया जाता है कि आज सुबह शेखर गुप्ता अपनी दुकान खोलने गए तो पता लगा उनकी दुकान के ताले चटके हुए थे. ये देखकर उनके होश उड़ गए.
दुकान खोलने के बाद जब वे अंदर पहुंचे तो सामान अस्त—व्यस्त था. चोर दुकान के अंदर से सोने चांदी के आभूषण और गल्ले से नकदी चोरी कर ले गए. चोरों ने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी को तोड़कर डीवीआर को साथ ले गए. सूचना पर पुलिस पहुंच गई. डॉग स्क्वॉयड भी आ गया. पीड़ित व्यापारी के अनुसार चोर बर्तन की दुकान से भी काफी बर्तन चोरी कर ले गए हैं. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच करवाई है. बताया जाता है कि चोर 20 ग्राम सोना, 30 किलो पीतल, 800 ग्राम चांदी के अलावा अन्य कीमती सामान भी चोरी कर ले गए हैं.इस संबंध में पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है. तहरीर मिली है. एफआईआर दर्ज कर ली गई है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.