आगरालीक्स…(26 July 2021 Agra News) दरेसी का रास्ता बंद कर दिया गया है। इससे व्यापारियों में आक्रोश है। जानिए पूरा मामला…।
दरेसी नंबर एक का रास्ता पुलिस ने सोमवार सुबह बंद कर दिया। इससे व्यापारियों में आक्रोश बना हुआ है। कोरोना काल में पहले ही दो दिन साप्ताहिक बंदी चल रही है, ऐसे में व्यापारियों का एक दिन और बरबाद हो गया। उनकी बिक्री प्रभावित हुई है। वे गुस्से में है।
ये था मामला
व्यापार मंडल दरेसी नंबर एक के अध्यक्ष राजकुमार गुरनानी ने बताया कि सावन के सोमवार को मन:कामेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में पुलिस रास्ता बंद कर देती है। सोमवार को भी यही हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुबह छह बजे के करीब दरेसी नंबर एक का रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद जब दुकानदार पहुंचे तो परेशानी और बढ़ गई। जमीन पर फड़ लगाने वाले वहां पहले से थे। उन्होंने 20 से 25 फुट जगह दुकान के आगे घेर ली थी।

न माल आ सका और जा सका
अध्यक्ष ने बताया कि इस कारण परेशानी और हो गई। दुकानदार न तो अपना माल फैक्ट्रियों से मंगवा सके। अपने ग्राहकों का माल ट्रांसपोर्ट भी नहीं भेज पाए। उन्हें काफी नुकसान हुआ है। इतना ही नहीं, लाखों कारीगर जो घरों में माल तैयार कर व्यापारियों को बेचते थे, रास्ता बंद होने के कारण उनके समक्ष भी रोजी-रोटी की समस्या पैदा हो गई।
धूल फांकते रहे दुकानदार
दरेसी बाजार की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की लाइन लगी रहती थी। लेकिन सोमवार को रास्ता बंद होने से एक भी ग्राहक नहीं आया। दुकानदार खाली बैठे रहे। अध्यक्ष राजकुमार गुरनानी ने बताया कि पहले ही सप्ताह में पांच दिन व्यापार करने की अनुमति है। ऐसे में सोमवार का दिन भी व्यापारियों का बर्बाद हो गया। जबकि कर्मचारियों का वेतन और दुकानों का किराया पूरा जा रहा है।
प्रशासन से अपील, शनिवार को खुलवाया जाए बाजार
व्यापार मंडल दरेसी नंबर एक के अध्यक्ष राजकुमार गुरनानी ने प्रशासन से दुकानदारों के हित में निर्णय लेने की मांग की है। महामंत्री ईश्वर लाल कर्मचंदानी, कोषाध्यक्ष गोपालदास पुरसनानी, दुकानदार हितेश गुरनानी का कहना है कि व्यावसायिक गतिविधियों को बहाल करने के लिए सोमवार को बाजार बंद करवा दिया जाए। शनिवार को खुलवाया जाए। उन्होंने बताया कि इससे पहले थाना हरीपर्वत में भी बैठक में इस समस्या से पुलिस अफसरों को अवगत कराया जा चुका है।