नईदिल्लीलीक्स(22nd September 2021)… देश में बनी पहली उड़ने वाली कार पांच अक्तूबर को होगी लांच. जानिए खूबियां.
एशिया की पहली कार होगी
अब आपको समय से कहीं पहुंचने के लिए जाम का झाम नहीं झेलना पड़ेगा। देश की पहली उड़ने वाली हाईब्रिड कार अगले माह की पांच तारीख को लांच की जा रही है।
चेन्नई स्थित स्टार्टअप कंपनी विनाता एयरोमोबिलिटी ने एशिया की पहली उड़ने वाली कार तैयार कर ली है। इस उड़ने वाली हाईब्रिड कार का उपयोग ट्रांसपोर्ट, कार्गो के अलावा मेडिकल की आपातकालीन सेवाओं के लिए किया जा सकता है।
उड्डयन मंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी
उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक ट्वीट कर बताया कि उन्हें एशिया के पहले हाईब्रिड फ्लाइंग कान्सेप्ट के बारे में बताया गया है। यह फ्लाइंग कार दुनिया की सबसे बड़ी हेलिटेक प्रदर्शनी एक्सेल लंदन में इसे लांच किया जाएगा। इस कार में डिजिटल इंस्ट्रमेंट के साथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का उपयोग किया जाएगा, जिससे कार चलाने का अनुभव और शानदार हो जाएगा। इसमें जीपीएस ट्रैकर के साथ बोर्ड पर मनोरंजन की भी सुविधा मिलेगी।
60 मिनट तक उड़ सकती है
इस कार की स्पीड 100 से 120 किमी प्रति घंटा तक है। तीन हजार फुट तक उड़ने वाली इस कार में बायो फ्यूल का इस्तेमाल किया जाएगा। यह कार 60 मिनट तक हवा में रह सकती है। कार में पैनोरमिक विंडो कैनोपी दिया गया है, इससे 360 डिग्री का व्यू मिलता है। कार का वजन 1100 किलोग्राम है। यह 1300 किलोग्राम तक वजन लेकर उड़ सकती है।