आगरालीक्स.. आगरा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की केंद्रीय कार्यसमिति में अहम निर्णय लिए गए, एबीवीपी ने 106 पूर्ण कालिक महिला कार्यकर्ता तैयार की हैं, ये देश भर के विवि और कॉलेजों में महिला शिक्षा, सुरक्षा, उनके सामाजिक और आर्थिक स्तर में सुधार के साथ देशद्रोही गतिविधियों को रोकने के लिए काम करेंगी। देश भर से 50 हजार छात्राओं का सैंपल सर्वे कराया जाएगा, जिससे उनकी शिक्षा और सामाजिक स्थिति का पता लग सके। अब एबीवीपी विवि और कॉलेजों के साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल और मैनेजमेंट कॉलेज में भी सक्रिय होगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक रविवार से आगरा के डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में प्रारम्भ हुई। दो दिवसीय इस बैठक का उद्घाटन अभविप के राष्ट्रीय अध्य्क्ष डॉ नागेश ठाकुर, राष्ट्रीय महामंत्री श्री विनय बिद्रे व राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री सुनील आम्बेकर ने किया। इस बैठक में अभाविप के देशभर से पदाधिकारी एवं अलग अलग विश्विद्यालय से शिक्षाविद आगरा पहुँचे हैं। इस बैठक में अभाविप द्वारा देशभर में संचालित गतिविधियों की समीक्षा तथा आगामी योजनाओं के विषय में चर्चा होगी।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नागेश ठाकुर ने कहा कि आज संपूर्ण समाज युवाओं की ओर आशाभरी दृष्टि से देख रहा है। वर्तमान में, देश की अनेक समस्याओं का हल युवा कर सकते हैं। युवाओं के संगठन होने के नाते अभाविप की यह जिम्मेदारी है कि इस हेतु हम अपने प्रयासो को गति दे ।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री सुनील आम्बेकर ने कहा कि अभाविप देश भर में विद्यार्थीओं में देशभक्ति का भाव जागृत करने हेतु प्रयत्नशील है। साथ ही , कुछ विश्वविद्यालयों में बैठे देशद्रोही तत्वों को भी बेनकाब करने का कार्य भी विद्यार्थी परिषद ने किया है।
छात्र नेताओं को पुलिस ने धक्का मारकर बाहर निकाला
विवि परिसर में एबीवीपी की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक का विरोध करने के लिए रविवार को एनएसयूआई और सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता विवि परिसर में पहुंच गए। उन्हें पुलिस ने धक्का देकर बाहर निकाल दिया, छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया, विवि अधिकारियों के समझाने पर वे शांत हो गए।