आगरालीक्स…अब आगरा में हाईकोर्ट खंडपीठ के लिए सीधे प्रधानमंत्री तक पहुंचेंगे अधिवक्ता. 25 नवंबर को जेवर में एयरपोर्ट का शिलान्यास करने आ रहे हैं पीएम मोदी, वहीं करेंगे मांग
जेवर में पहुंचेगा आगरा संघर्ष समिति का काफिला
उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति की बैठक सोमवार को आगरा 12 सेशन की लाइब्रेरी में संघर्ष समिति के संयोजक मंडल के प्रमोद शर्मा, दुर्ग विजय सिंह भैया, अशोक भारद्वाज व उप संयोजक अजय सिंह चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई. संचालन संघर्ष समिति के सचिव वीरेंद्र फौजदार व हेमंत भारद्वाज द्वारा किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 नवंबर को जेवर में प्रधानमंत्री आ रहे हैं. ऐसे में आगरा संघर्ष समिति के बैनर तले आगरा, मथुरा फिरोजाबाद तथा उनकी तहसीलों के अधिवक्ता अधिक से अधिक संख्या में जेवर पहुंचेंगे और हाईकोर्ट बेंच आगरा में स्थापित करने के लिए जस्टिस जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपेंगे.
बैठक में लिया गया निर्णय
बैठक में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया कि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास करने पहुंच रहे हैं,. जहां संघर्ष समिति के बैनर तले जस्टिस जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की बाबत ज्ञापन सौंपा जाएगा. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय में पत्र व्यवहार कर उनसे मिलने का समय लिए जाने के प्रयास किए जाएंगे. बैठक में अनिल तिवारी आगरा बार एसोसिएशन के सचिव, राम प्रकाश शर्मा संघर्ष समिति के प्रवक्ता, सत्य प्रकाश सिंह मीडिया प्रभारी, अनूप शर्मा, अधर कुमार शर्मा, हरिओम शर्मा, मधुर पाठक संगठन सचिव, हरिओम शर्मा, राजीव कुलश्रेष्ठ, देवेश शर्मा, अनुज गर्ग, जितेंद्र गौतम आदि अधिवक्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे.