फिरोजाबादलीक्स ….आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अग्निपथ योजना के विरोध में रोडवेज बसों में पथराव, तोड़फोड़। यात्रियों में मची चीख पुकार, आगरा लखनऊ और यमुना एक्सप्रेस वे पर पुलिस फोर्स तैनात।
अग्निपथ योजना में सेना में चार साल की नौकरी का युवा विरोध कर रहे हैं, गुरुवार को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार सुबह आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद क्षेत्र में आस पास के गांव के युवा पहुंच गए। एक्सप्रेस वे पर बैरियर लगा दिए, इससे वाहन रुक गए। युवाओं ने पथराव शुरू कर दिया।
रोडवेज बसों में की तोड़फोड़
रोडवेज बस के बैरियर पर रुकते ही यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कह दिया और युवाओं ने पथराव शुरू कर दिया। एक के बाद एक चार रोडवेज बसों में युवाओं ने पथराव किया। युवाओं के रोडवेज बसों पर पथराव करने से चीख पुकार मच गई। यात्री बचने के लिए भागने लगे। पथराव में बसों ने शीशे टूट गए, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

युवा खेतों में भागे
रोडवेज बसों को रोक कर पथराव करने की सूचना पुलिस को दी गई, कई थानों का पुलिस फोर्स घटनास्थल पर भेजा गया। लेकिन इससे पहले ही युवा बसों में पथराव करने के बाद खेतों से भाग गए।
दहशत में रहे यात्री
इस तरह से एक्सप्रेस वे पर रोडवेज बसों को रोक कर पथराव करने से यात्री दहशत में आ गए , उन्होंने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस फोर्स के पहुंचने के बाद बसों को रवाना किया गया। पुलिस पथराव करने वाले उपद्रवियों की तलाश में जुटी है। फिरोजाबाद के एसपी सिटी मुकेश मिश्रा का कहना है कि एक्सप्रेस वे पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है, पथराव करने वालों की तलाश की जा रही है।