आगरालीक्स ..आगरा में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग का छात्र बैंकिंग डिप्लोमा कर रही छात्रा को होटल में ले गया। शराब पिलाने के बाद रेप किया, वीडियो बनाने की भी कोशिश की। आगरा में बुधवार को दयालबाग के एक बडे शिक्षण संस्थान की छात्रा भगवान टॉकीज पर मिली थी, ब्लीडिंग होने पर उसे एसएन में भर्ती करा दिया गया। यहां जांच में सामने आया कि छात्रा के साथ रेप किया गया है। पुलिस ने छात्रा को अपने साथ ले गए एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग के सादाबाद निवासी छात्र दर्श गौतम को बुधवार देर रात अलीगढ में एक शादी समारोह से अरेस्ट कर लिया था।
छात्रा ने पुलिस को दिए बयान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा बुधवार सुबह कॉलेज के लिए निकली थी। दर्श गौतम ने उसे फोन कर दोस्त की पार्टी में चलने को कहा। वह स्कूटर पर अपने साथ ताजगंज के होटल स्टार इन लेकर गया। यहां उसे कोल्ड ड्रिंक में शराब पिला दी, इसके बाद वह खुद को अस्त-व्यस्त हालत में पाया। हालत बिगड़ने पर दर्श उसे स्कूटर पर बैठाकर बिजलीघर बस स्टैंड लेकर आया। वहां से भगवान टॉकीज के लिए ऑटो में बैठाकर चला गया। भगवान टॉकीज पर ऑटो से उतरने के बाद उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। सहेली को फोन करके बुलाया, वह उसे अस्पताल लेकर गई।

कमरा नंबर 204
पुलिस पूछताछ में दर्श ने बताया कि होटल स्टार इन में कमरा नंबर 204 उसके जयपुर में रहने वाले मित्र दीपक ने लिया था। दीपक, अंकित और रमन निवासी ताजगंज के साथ उसे बुधवार शाम दोस्त की शादी में शामिल होने अलीगढ़ जाना था। रमन जयपुर से आ रहे दीपक को लेने के लिए चला गया। इस दौरान वह उसके कमरे पर छात्र को लेकर आया था। पुलिस ने गुरुवार को होटल पर ताला डालकर उसका रिकार्ड अपने कब्जे में कर लिया है। मैनेजर समेत स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती
दर्श गौतम की छात्रा से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसके कुछ दिन बाद दर्श ने सोशल मीडिया पर छात्रा और अपने एक कॉमन दोस्त से उसका नंबर लिया। छात्रा से वाट्सएप पर चैटिंग करने लगा। पुलिस को दर्श के मोबाइल से कई लड़कियों के मोबाइल नंबर और चैटिंग मिली हैं।