आगरालीक्स…फतेहपुर सीकरी स्मारक के शाही तालाब में मिली युवक की लाश…कई दिन पुराना है शव, पुलिस कर रही शिनाख्त
फतेहपुर सीकरी स्मारक क्षेत्र में दीवान-ए-खास के पीछे नगीना मस्जिद के समीप स्थित प्राचीन शाही तालाब में मंगलवार सुबह करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। एसआईएस सुरक्षा कर्मियों ने सुबह शव उतराता देखा और इसकी सूचना संरक्षण सहायक को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह, चौकी प्रभारी प्रमोद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार मृतक ने काली पैंट पहनी थी। शव कई दिन पुराना होने से शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान कराने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।