आगरालीक्स…आगरा में 5वीं क्लास के छात्र को मारकर पेड़ पर लटकाया गया. यूट्यूबर था छात्र. इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट करता था रील्स…
आगरा के थाना कागारौल के गांव बिहरा में पेड़ पर लटके मिले पांचवीं क्लास के छात्र के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र की मौत सुसाइड से नहीं बल्कि हत्या की गई थी. उसकी हत्या करने के बाद ही उसे पेड़ पर लटकाया गया था. पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.
ये है मामला
बिसहरा गांव में रहने वलो गोविंद सिंह चाहर का 13वर्षीय बेटा मयंक 14 दिसंबर की शाम को अपने पालतू डॉगी के साथ घूमने के लिए निकला था. वह रोजाना शाम को डॉगी के साथ जाता था. लेकिन 14 दिसंबर को वह दो घंटे बाद भी वापस नहीं लौटा. इस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो मयंक का शव गांव के बाहर अपने खेत पर पेड़ से फंदे पर लटका मिला. यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए. छात्र के दोनों घुटने जमीन पर टिके हुए थे और उसके गले में चुनरी थी. परिजनों ने मयंक की हत्या की आशंका जताई थी.

पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई थी और मयंक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. आज पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है. उसकी गला दबाकर हत्या करना बताया गया है. पिता गोविंद चाहर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य मिटाने के आरोप में अभियोग दर्ज किया गया है. हालांकि पिता ने किसी से भी रंजिश होने से इनकार किया है. हत्यारे का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. परिजनों के अनुसार मयंक यूट्यूबर था और वह वीडियो पोस्ट करता रहता था. इसके अलावा इंस्टाग्राम पर भी उसका एकाउंट था जिसमें वह रील्स बनाकर डालता था.