आगरालीक्स…आगरा में सिपाही के घर चोरी. चोर अलमारी के ताले तोड़कर ले गए जेवरात और कैश…सोता रह गया परिवार
आगरा के थाना ताजगंज में गुरुवार की रात चोरों ने सिपाही के घर को ही निशाना बना लिया. चोर घर के अंदर से अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और कैश चोरी कर ले गए. पूरा परिवार सोता रहा और चोर घर में वारदात को अंजाम दे गए. सुबह घटना की जानकारी हुई तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामला दर्ज कर लिया है.

ये है मामला
मामला थाना ताजगंज के ग्राम दिगनेर का है. यहां थान सिंह रहते हैं. इनका बेटा हरीश यूपी पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में वह कन्नौज में तैनात है. वह 15 की छुट्टी पर यहां अपने घर आया हुआ है. बीती रात थान सिंह और उनकी पत्नी बाहर के कमरे में सो रहे थे जबकि बेटा हरीश और उसकी पत्नी कमरे में सो रहे थे. रात को किसी समय चोर घर के पीछे बनी दीवार के रास्ते से छत पर चढ़कर अंदर आ गए. इसके बाद चोरों ने दोनों कमरों को बाहर से बंद कर दिया और इसके बाद घटना को अंजाम दिया. सुबह छह बजे थान सिंह जागे तो उन्होंने देखा कि उनका कमरा बाहर से बंद है. हरीश भी जाग गया तो उसका भी कमरा बंद था. आसपास के लोगों को फोन पर बुलाया और बाहर से कमरे का दरवाजा खुलवाया.
थान सिंह ने चोरी की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई. थान सिंह के अनुसार चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर अपने साथ ले गए और उसमें रखे 10 हजार रुपये कैश, छह सोने की अंगूठी, एक मटर माला, एक सीतारामी, गले का कॉलर और जंजीर, सोने की छह चूड़ियां, दो जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की कंधौनी अपने साथ ले गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.