आगरालीक्स(08th October 2021 Agra News)… आगरा में कुट्टू का आटा खाने से होने लगी उल्टियां. एक परिवार में सभी पड़े बीमार.
यमुनापार के कटरा वजीर खां का मामला
मामला यमुनापार के कटरा वजीर खां का है। वहां के निवासी सनी ने बताया कि उसके परिवार में उसकी पत्नी गीता, छोटा भाई प्रवेश, उसकी पत्नी प्रीति के अलावा छोटे भाई की पत्नी अन्नू है। इन सभी ने नवरात्रि का व्रत रखा था। सनी ने बताया कि घर के पास ही एक परचून की दुकान है। वहां से कल ही कुट्टू का आटा खरीदा था। इसके बाद उसका भोजन बनाया था। सभी परिवारवालों ने इसको खाया था। रिश्तेदार सुनहरी लाल ने भी व्रत का भोजन किया था।

रात से होने लगी बेचैनी
सनी ने बताया कि आधी रात के बाद से ही उस समेत एक—एक कर सभी को बेचैनी होने लगी। घबराहट होने लगी। फिर कुछ देर बाद ही उलटियां शुरू हो गईं। ये देख परिवार के सभी सदस्यों में हड़कंप मच गया। सभी दहशत में आ गए।
सुबह होते—होते टूटने लगा शरीर
सुबह होते—होते सभी के शरीर टूटने लगे। उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई। परिवार में ही सनी की मां और छोटा भाई राहुल ने व्रत का खाना नहीं खाया था। इस कारण उनकी तबियत ठीक थी। सुबह उन्होंने घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी। तब सभी डॉक्टर के पास गए।