
इंटरनेट फोटो
गुरुवारको शहर की बिजली आपूर्ति ठप रही। 220 केवी सब स्टेशन सिकंदरा से पोषित सिकंदरा, लायर्स कालोनी, दयालबाग, खंदारी, जेल रोड, भगवान टाकीज सहित कई इलाकों में दोपहर में बिजली गुल रही। इसके साथ ही 132 केवी बोदला के उपकरण भी दोपहर में जवाब दे गए। सुबह करीब 11 बजे लेकर दोपहर करीब चार कटौती की गई। बोदला, शाहगंज, केदार नगर, अर्जुन नगर, लोहामंडी सहित कई इलाकों में घरोें के इनवर्टर तक जवाब दे गए।
132 केवी आगरा कैंट सब स्टेशन से भी ओवरलोड और ओवरहीट की वजह से बिजली संकट रहा। लोग टोरंट के कार्यालय में फोन मिलाते रहे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कभी फाल्ट बताकर लोगों को गुमराह किया गया तो कभी ऊपर से कटौती की बात कही गई।
देवरी रोड, सेमरी का ताल इलाके में तार टूटने की वजह से करीब तीन घंटे बिजली गुल होने से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें शांत करने का प्रयास किया, लेकिन विद्युत सुचारु होने पर ही वे माने।
बढ रही मांग
गर्मी की बढ़ने की वजह से बिजली की डिमांड भी बहुत बढ़ गई है और ललितपुर से बिजली का उत्पादन कम हो गया है। इसकी वजह से परेशानी और बढ़ गई है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता अतुल निगम ने बताया कि पिछले दिनों ललितपुर पावर प्लांट में आई खराबी की वजह से उत्पादन काफी घट गया था। वैकल्पिक उपाय कर आपूर्ति की कोशिश की जा रही है। अगले एक दो दिन में हालातों में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस बार बिजली की डिमांड बढ़कर करीब 1500 मेगावाट तक पहुंच गई, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। गौरतलब है कि पिछले वर्षों में बिजली की डिमांड कभी 1250 से 1300 मेगावाट से ऊपर नहीं पहुंची।
Leave a comment