आगरालीक्स आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में पहले सफल गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया। एसएन में फ्री में गुर्दा प्रत्यारोपण की सुविधा कैसे मरीज ले सकते हैं, जानें।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में 22 अगस्त को सिकंदराराऊ, हाथरस निवासी महेंद्र सिंह को उनकी पत्नी मीना द्वारा दिए गए गुर्दा का प्रत्यारोपण किया गया, सोमवार को एसएन से गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद महेंद्र सिंह को डिस्चार्ज कर दिया गया। गुर्दा प्रत्यारोपण निशुल्क किया गया था, निजी अस्पतालों में गुर्दा प्रत्यारोपण का पैकेज 10 लाख से अधिक है।
इन मरीजों के एसएन में फ्री में गुर्दा प्रत्यारोपण
एसएन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के अनुसार, आयुष्मान योजना के साथ ही जिन मरीजों पर राशन कार्ड हैं उनका असाध्य रोग निधि से फ्री में गुर्दा प्रत्यारोपण किया जा रहा है। वहीं, जिन मरीजों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड नहीं है उनके लिए 2.50 लाख रुपये का चार्ज रखा गया है।
इस तरह करा सकते हैं पंजीकरण
एसएन की सुपरस्पेशियलिटी विंग में नेफ्रोलॉजी विभाग संचालित है, गुर्दा रोगी जिनकी डायलिसिस हो रही है वे गुर्दा प्रत्यारोपण कराना चाहते हैं तो ओपीडी में परामर्श ले सकते हैं। नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. अपूर्व जैन के अनुसार, मरीजों को गुर्दा प्रत्यारोपण की जरूरत है उनका पंजीकरण किया जा रहा है।