आगरालीक्स…आगरा के 15 स्कूली बच्चे पहली बार विमान में बैठे. फ्लाइट ऑफ फैंटेसी कार्यक्रम में एक पहल पाठशाला के बच्चों ने भरी उड़ान. लखनऊ में विज्ञान की दुनिया से होंगे रूबरू, लूलू मॉल की भी करेंगे सैर
कभी आसमान में उड़ते विमान को देखकर उसके भीतर बैठकर सफर करने की कल्पना करने वाले 15 प्रतिभाशाली बच्चों के लिए रविवार का दिन उनकी कल्पनाओं को हकीकत में बदलने वाला रहा। राउंड टेबल इंडिया के अंतर्गत आगरा कनेक्ट राउंड टेबल 354 संस्था की ओर से ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ कार्यक्रम में बच्चों को पहली बार विमान यात्रा का अनुभव कराया गया। संस्था ने बच्चों को केवल उड़ान ही नहीं कराई, बल्कि उनके सपनों को पंख देने और उनके भीतर नई आशाओं व आत्मविश्वास का संचार करने की पहल की।
संस्था के अध्यक्ष संभव अग्रवाल ने बताया कि बच्चों को किताबों और कक्षा की दुनिया से बाहर निकालकर नए स्थानों, गतिविधियों और अनुभवों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से एक पहल पाठशाला के 15 बच्चों और दो शिक्षकों को आगरा से सड़क मार्ग द्वारा जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां से उन्होंने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। लखनऊ पहुंचने के बाद बच्चों के लिए दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम रखा गया है। पहले दिन मनोरंजन और आनंद के लिए लूलू मॉल का भ्रमण कराया जाएगा। दूसरे दिन बच्चे रीजनल साइंस सिटी का भ्रमण करेंगे, जहां विज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रयोगों, गतिविधियों और प्रदर्शनों के माध्यम से वे अपनी जिज्ञासाओं को शांत करेंगे।
एक पहल पाठशाला के महासचिव मनीष राय ने कहा कि बच्चों के लिए यह अनुभव उत्साह, आशा और नई कल्पनाओं से भरा हुआ है। सभी बच्चे पहली बार हवाई जहाज में सफर कर रहे हैं। यह यात्रा बच्चों के लिए सिर्फ भ्रमण नहीं, बल्कि उनके सपनों को देखने और उन्हें पूरा करने का विश्वास जगाने वाला अनुभव है। विद्यालय से बच्चो की देखरेख को शिक्षक अश्लेष मित्तल और छवि को भेजा गया है। कार्यक्रम में सृष्टि अग्रवाल, मधुर सचदेवा, सौरभ लांबा, यशिका लांबा, कुशाग्र कुंद्रा, शोभित अग्रवाल, रचित वाधवा, अंकित खण्डेवाल आदि मौजूद रहे।