आगरालीक्स…आगरा मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ाने की होगी पहल. आगरा में 19 नये पार्किंग स्थलों को दिया जाएगा अंतिम रूप…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में मेट्रो एवं सिटी ट्रांसपोर्ट सेवाओं के बीच बेहतर कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। मेट्रो स्टेशनों के आसपास फीडर कनेक्टिविटी को मजबूत करने एवं यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नए ऑटो एवं टेम्पो सर्कुलर रूट तय किए गए। लखनऊ में 29, कानपुर में 50 तथा आगरा में 27 नए रूटों की पहचान कर उन्हें स्वीकृति दी गई। साथ ही इन रूटों पर नए ऑटो एवं टेम्पो स्टॉप भी तय किए गए, ताकि यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों तक आने-जाने में सुविधा मिल सके।मेट्रो एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। यह अभियान सोशल मीडिया, शहरभर में लगाए जाने वाले डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड तथा अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
प्रमुख सरकारी आवासीय कॉलोनियों एवं कार्यालयों को नजदीकी मेट्रो स्टेशनों से जोड़ने के लिए शटल बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू करने पर भी सहमति बनी। इस पहल का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर प्रथम एवं अंतिम मील कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा ऐप आधारित मोबिलिटी सेवाओं जैसे UTU Mobility के माध्यम से अंतिम मील कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन पहले से ही ओला, उबर एवं रैपिडो जैसी सेवाओं के साथ समन्वय कर मेट्रो यात्रियों को सुविधाजनक अंतिम मील परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रहा हैबैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान एम.डी. श्री सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो सेवाओं को और अधिक आसान एवं जनसुलभ बनाने के लिए अंतिम मील कनेक्टिविटी को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न मेट्रो स्टेशनों के आसपास पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जाना आवश्यक है, ताकि यात्रियों को अपने निजी वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की सुविधा मिल सके और अधिक से अधिक लोग मेट्रो सेवा का उपयोग करने के लिए प्रेरित हों। वहीं बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।