आगरालीक्स…आगरा में ड्रिंक एंड ड्राइव कर गाड़ी दौड़ने वाले 45 वाहनों का किया चालान. शहर के सभी टोल प्लाजा पर पुलिस ने की चेकिंग..
शहर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए एसीपी,डीसीपी के नेतृत्व में अभियान चलाकर ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर चाबुक लगाने की कोशिश की गई । यातायात इमरान अहमद ने थाना पुलिस और सर्विलांस टीमों के साथ सैंया, अछनेरा, एत्मादपुर, फतेहाबाद और खंदौली क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे के दौरान वाहन चेकिंग की।टोल प्लाजा पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर 45 वाहन चालकों के नशे में होने की पुष्टि के बाद उनका चालान किया। जिनमें अधिकांश भारी वाहनों के चालक थे। एक बस चालक शराब के नशे में पाया गया, जिसे तत्काल हटाकर वैकल्पिक चालक की व्यवस्था की गई। वहीं एक बस परिचालक का भी नशे की हालत में पाए जाने पर चालान किया। पुलिस ने सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान 195 माडिफाइड साइलेंसर, 180 प्रेशर हार्न के चालान किए गए। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी व्यापक कार्रवाई की गई। सैंया में पुलिस ने खनन के चार डंपरों को पकड़ा। जिनकी नंबर प्लेट छिपाकर अवैध खनन में प्रयोग किया जा रहा था। पुलिस ने सीज करने की कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के डीएल और आरसी जब्त की गई। लंबित चालान वाले वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने "मीट एंड ग्रीट अभियान" के तहत टोल प्लाजा पर यात्रियों से संवाद किया। इस दौरान सैंया टोल प्लाजा पर ग्वालियर से दिल्ली जा रहे परिवारों से बातचीत कर उनके यात्रा अनुभव और सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए गए।बच्चों को पानी की बोतलें, चाकलेट एवं टाफी वितरित की गईं। इस दौरान यात्रियों से फीड बैक भी लिया गया। राजस्थान से आने वाले एक परिवार का कहना था कि वहां पर स्पीड ब्रेकर अधिक होने के साथ ही डाइवर्जन प्वाइंट पर समस्या आई।