आगरालीक्स…आगरा में 1050 अभ्यर्थियों ने आज अग्निवीर रैली में दिखाया दमखम. फिजिकल और स्क्रीनिंग टेस्ट में 800 हुए पास. अब मेडिकल का होगा टेस्ट
आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO), आगरा द्वारा एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली सुचारू, सुव्यवस्थित एवं समन्वित तरीके से जारी है। दिनांक 09 अप्रैल 2026 को मैनपुरी एवं कासगंज जिलों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी के अभ्यर्थियों ने रैली में भाग लिया। लगभग 1050 अभ्यर्थियों ने शारीरिक एवं स्क्रीनिंग परीक्षण में भाग लिया, जिनमें से लगभग 800 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए और उन्हें अगले दिन निर्धारित मेडिकल परीक्षण हेतु चयनित किया गया है। रैली निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।कार्यक्रम के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 की रूपरेखा निम्नानुसार है:
अग्निवीर जनरल ड्यूटी – अलीगढ़ जिला
सभी अभ्यर्थियों को रैली स्थल के प्रवेश द्वार पर 0200 बजे रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस, आगरा पुनः स्पष्ट करता है कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं योग्यता आधारित है, जिससे सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर प्राप्त होता है। भारतीय सेना देश के युवाओं को सम्मान, गौरव एवं गर्व के साथ राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करने के अपने संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है।