आगरालीक्स…आगरा में गौ सेवा को समर्पित संगीतमय सुंदरकांड पाठ, 56 भोग के साथ भक्ति का अनूठा आयोजन
गौ सेवा की भावना को समर्पित एक दिव्य पहल के तहत मानव सेवा समर्पित सामाजिक समिति द्वारा कर्मयोगी गौशाला, कमला नगर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ सुंदरकांड का पाठ किया और गौ माता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर गौ माता के लिए 56 भोग अर्पित किए गए। विशेष रूप से सभी सदस्य अपने-अपने घरों से सुसज्जित थाल तैयार कर लाए, जिससे आयोजन में सामूहिक सहभागिता और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। संस्था के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि कर्मयोगी गौशाला में 200 से अधिक गौवंश आश्रय प्राप्त कर रहे हैं और संस्था द्वारा नियमित रूप से प्रत्येक माह यहां गौ सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जिसे समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनाना चाहिए।नीरज बांदिल ने बताया कि सुंदरकांड पाठ को सुमधुर स्वर सुमित गोयल द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा गौशाला परिसर भक्तिमय हो उठा। सुबह से लेकर शाम तक भजनों की मधुर गूंज वातावरण में बनी रही और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होते रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने गौशाला परिसर में प्रसादी ग्रहण की और पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर विनय सिंघल, डॉ. चंद्र प्रकाश सिंघल, संतोष अग्रवाल, अमित गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, प्रिंस बंसल आदि उपस्थित रहे।