आगरालीक्स…आगरा में रुद्राभिषेक में उमड़ा शिवभक्ति का सागर, 251 जोड़ों ने किया भोलेनाथ का महाअभिषेक. श्री शिव महापुराण कथा में 251 नर्मदेश्वर शिवलिंगों पर तीन घंटे तक हुई दुग्ध-जलधारा
अधिक मास में शिव आराधना का अनुपम दृश्य सोमवार को महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में देखने को मिला, जहां शिव परिवार संस्था द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के द्वितीय दिवस 251 जोड़ों ने विधि-विधान से महा रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्राष्टक और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा। 251 नर्मदेश्वर शिवलिंगों पर तीन घंटे तक निरंतर दुग्ध और जलधारा अर्पित कर श्रद्धालुओं ने महादेव से सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में भक्तों ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से भगवान शिव का अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।याज्ञिकरत्न पंडित विष्णुकांत शास्त्री एवं कथा व्यास मृदुल कांत शास्त्री के मार्गदर्शन में 11 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्राष्टक एवं रुद्राक्ष पूजन के साथ विधि-विधान से महा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। मुख्य यजमान छोटेलाल बंसल और कांता बंसल द्वारा व्यास पूजन संपन्न किया गया। कथा के दौरान कथा व्यास मृदुल कांत शास्त्री ने नारद मोह, कुबेर चरित्र एवं सती जन्म प्रसंग का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि शिवपुराण केवल कथा नहीं, बल्कि आत्मा को शिवत्व से जोड़ने का दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सहज, सरल और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं, जिनकी आराधना से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं। शास्त्री ने कहा कि सती जन्म और नारद मोह के प्रसंग जीवन में अहंकार त्याग, भक्ति और समर्पण का संदेश देते हैं। भगवान शिव की उपासना व्यक्ति को संयम, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
शिव परिवार संस्था के सदस्य अखिल मोहन मित्तल ने बताया कि 21 मई को प्रातः 10 बजे से कथा स्थल पर गोपाल सहस्त्रनाम पाठ का आयोजन होगा, जिसमें तुलसी अर्चन एवं पूजन संपन्न कराया जाएगा। आयोजन में नीरज अग्रवाल, सलिल गोयल, आशीष अग्रवाल, दीपांशु अग्रवाल, अश्विनी बंसल, आकाश अग्रवाल, अनुरंजन सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, निखिल गर्ग, महेश गोयल, जितेंद्र जैन, अनूप अग्रवाल, मुकेश गोयल, मनोज अग्रवाल, सरजू बंसल, छुट्टन जैन, प्रशांत मित्तल, जितेंद्र गोयल, गौरव मित्तल, सुनील गोयल, राकेश अग्रवाल, महावीर प्रसाद मंगल, अंजना अग्रवाल, सीमा गोयल, अमीषा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।