आगरालीक्स …Agra News: आगरा में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस की टक्कर से घायल चांदी कारोबारी भाजपा नेता की इलाज के दौरान मौत, पत्नी ने स्कूल संचालक, प्रिंसिल और चालक के खिलाफ दर्ज कराया है मुकदमा। स्कूल प्रबंधन ने मृतक की बेटी को निशुल्क पढ़ाने के साथ परिवार की मदद करने का आश्वासन दिया है। ( Agra Live News: Businessman injured in School bus accident, died during treatment in Agra)
आगरा के कटरा जोगी दास, ताजगंज निवासी चांदी कारोबारी व भाजपा युवा मोर्चा के ताज मंडल के मंडी अंकित अग्रवाल सुबह श्री मनकामेश्वर मंदिर और खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जाते थे, पांच मई की सुबह वे अपनी स्कूटी से मंदिर दर्शन के लिए गए थे वहां से लौटते समय पुरानी मंडी चौराहे पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी थी। उनका लॉयर्स कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। रात में ही उनका पोस्टमार्टम करा दिया गया।
पत्नी ने दर्ज कराया था मुकदमा
इस मामले में अंकित अग्रवाल की पत्नी शिखा अग्रवाल की तरहरी पर प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के संचालक डॉ. सुशील गुप्ता, प्रिसिंपल अरविंद श्रीवास्तव और चालक पर थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अंकित अग्रवाल के परिवार में पत्नी के अलावा बुजुर्ग मां और चार वर्ष की बेटी है। इस मामले में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के संचालक डॉ. सुशील गुप्ता ने अकित अग्रवाल की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी बेटी की अपने स्कूल में निशुल्क पढ़ाई कराने और परिवार की हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।