आगरालीक्स …Agra News: आगरा में ट्रांसपोर्टर की हत्या के लिए कार से टक्कर मारी गई, हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस ने पांच सप्ताह बाद हत्या की धारा बढ़ाई। जीएसटी अधिकारी के करीबी रवि यादव को बनाया आरोपी। ( Agra Live News: Ravi Yadav main accused in Transporter Asgar Ali murder case)
आगरा के शाहगंज के मेवाती गली निवासी ट्रांसपोर्टर असगर अली की चार अप्रैल को कार की टक्कर से मौत हो गई थी, इस मामले में कार से एक्सीडेंट मानते हुए पुलिस कार्रवाई कर रही थी इसी दौरान ट्रांसपोर्टर असगर अली के बेटे ने घटना के सीसीटीवी फुटेज का हवाला और जीएसटी अधिकारी पर पिछले दिनों प्रेसवार्ता कर अवैध वसूली के आरोप लगाने को आधर बनाते हुए ट्रांसपोर्टर असगर अली की हत्या करने की साजिश के तहत तहरीर दी थी। इसमें जीएसटी अधिकारी निवेदिता सिंह, उनके पति अजय सिंह, रवि यादव, सहित अन्य पर हत्या करने का शक जाहिर किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
पांच सप्ताह बाद हत्या की धारा बढ़ाई गई
पुलिस को रवि यादव जिसे ट्रांसपोर्टर के बेटे ने जीएसटी अधिकारी के पति का करीबी बताया था उसकी कार से एक्सीडेंट के समय घटनास्थल पर लॉकेशन मिली थी। जिस कार से एक्सीडेंट हुआ वह प्रेम नारायण के नाम पर थी और उसे दिल्ली से खरीदा गया था, प्रेम नारायण जालौन का रहने वाला है लेकिन जांच में सामने आया कि प्रेम नारायण आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र की गौशाला में काम करता है। इससे शक और गहरा गया।
रवि यादव को बनाया आरोपी, प्रेम नारायण भूमिगत
पुलिस ने इस मामले में साक्ष्यों के आधार पर रवि यादव को आरोपी बताया है, प्रेम नारायण भूमिगत हो गया है। पुलिस रवि यादव और प्रेम नारायण की तलाश में जुटी है। इस मामले में जीएसटी अधिकारियों सहित अन्य जिन लोगों पर शक जताया गया था उनसे भी पुलिस पूछताछ करेगी। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर हत्या की धारा लगाई गई है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।