आगरालीक्स…Agra Live News: आगरा में ड्रग डिपार्टमेंट की छापेमारी, दो दर्जन से अधिक ड्रग इंस्पेक्टर की टीम जांच में जुटी। दुकानों के शटर बंद, 15 दिन में दूसरी बार छापेमारी से मची खलबली। ( Agra Live News: Drug department raid in whole sale medicine market Agra)
औषधि विभाग की टीम ने मई के अंतिम सप्ताह में फव्वारा दवा बाजार में छापेमारी की थी और बड़ी मात्रा में सैंपल सहित अन्य दवाएं जब्त की थीं। शुक्रवार को दो दर्जन ड्रग इंस्पेक्टर दोपहर में फव्वारा दवा बाजार में पहुंचे और छापेमारी शुरू कर दी। टीम फव्वारा थोक दवा बाजार के मुबारक महल, संत सूरी मार्केट, नबाविया मार्केट सहित थोक दवा की दुकानों पर जांच में जुटी है।
टीम के पहुंचते ही दुकानें हुईं बंद
एक साथ ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम पहुंचने से थोक दवा बाजार में खलबली मच गई। बड़ी संख्या में थोक दवा कारोबारी दुकानों को बंद कर चले गए। कुछ ही देर में दवा बाजार में 70 प्रतिशत दुकानें बंद हो गईं, जो दुकानें खुली हुई हैं वहां टीमें पहुंच रही हैं इससे थोक दवा कारोबारियों में खलबली मची हुई है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन डॉ. रोशन जैकब का कहना है कि प्रदेश स्तर पर थोक ड्रग लाइसेंस सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फर्जी, निष्क्रिय अथवा बंद पड़े प्रतिष्ठानों के ड्रग लाइसेंसों को बंद कराया जा सके। नकली, नशीली, एक्सपायरी दवाओं के अवैध व्यापार तथा चिकित्सकीय सैंपलों की अनधिकृत बिक्री के विरुद्ध विभागीय अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी औषधि प्रतिष्ठान के संचालक द्वारा अपना लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति से संचालित कराया जाता है, को चिन्हित करते हुए उनके निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही भवन स्वामियों को भी निर्देशित किया गया कि वे अपनी सम्पत्ति में औषधि व्यापार हेतु किराये पर दिये गये समस्त प्रतिष्ठानों की जानकारी/विवरण विभाग को उपलब्ध कराऐं साथ में यह भी सुनिश्चित करायें कि जिस व्यक्ति को आपके द्वारा औषधि व्यापार हेतु किरायानाम दिया गया है, वह प्रतिष्ठान उसी व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा है। यदि कोई प्रतिष्ठान काफी समय से बन्द अथवा अनियमित रूप से संचालित हो रहे हों एवं किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त हों, के बारे में जानकारी उपलब्ध करायें।
सांकेतिक फोटो