आगरालीक्स…आगरा के श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा के साथ मनाया गया दशहरा उत्सव, जलेबी सहित विशेष राजभोग अर्पित. ठाकुर जी का हुआ विशेष श्रंगार
कटरा हाथी शाह, नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को 25 वे दिवस दशहरा मनोरथ उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज का विशेष श्रृंगार कर विजय एवं धर्म स्थापना के प्रतीक स्वरूप मनोरथ सजाया गया। प्रभु के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी।मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में पुरुषोत्तम मास का विशेष महत्व है। इस पावन मास में वर्षभर के प्रमुख उत्सवों को मनोरथ स्वरूप मनाकर ठाकुर जी को सुख प्रदान करने का भाव रखा जाता है। दशहरा मनोरथ असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है तथा भक्तों को प्रभु के प्रति समर्पण और आस्था का भाव सिखाता है। सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर जी को सुनहरी जरी से निर्मित विशेष काछनी एवं अलंकार धारण कराए गए। प्रभु के समक्ष विजय के प्रतीक स्वरूप धनुष-बाण अर्पित किए गए। मंदिर में दशहरा उत्सव से संबंधित कीर्तन एवं पदों का गायन हुआ। राजभोग में पुष्टिमार्गीय समेजा, विभिन्न मिष्ठान्नों तथा विशेष रूप से जलेबी का भोग अर्पित किया गया। मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि 17 मई से प्रारंभ हुआ यह मनोरथ महोत्सव 15 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन वर्षभर के विभिन्न उत्सव मनोरथ स्वरूप आयोजित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में पेयजल, शीतल व्यवस्था एवं सुगम दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। दशहरा मनोरथ के चरण सेवक अनुराग गर्ग (अन्नू भाई) एवं संतोष मित्तल (बल्लू भाई) रहे। इस अवसर पर दीपक गर्ग, प्रभात गर्ग, केशव मित्तल, सागर शिवहरे, सचेंद्र शर्मा, आयुष उपाध्याय, राजेश धाकड़, सिद्धार्थ शर्मा आदि उपस्थित रहे।