आगरालीक्स…Agra News: आगरा में आवासीय भवनों में चल रहे 100 से अधिक हॉस्पिटल और स्कूलों के बिजली पानी कनेक्शन काटने के साथ पंजीकरण निरस्त करने की तैयारी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मेरठ में आवास विकास परिषद की आवासीय संपत्तियों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई के आदेश के बाद आवास विकास परिषद आगरा की टीम द्वारा किए गए सर्वे में 1500 आवासीय भवन चिन्हित किए हैं जिनका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देश के बाद आवास विकास परिषद की कॉलोनी कमला नगर, ट्रांस यमुना और दीनदयाल पुरम सिकंदरा योजना के सेक्टर एक से 16 तक सर्वे कराया गया। सर्वे में 1500 ऐसे निर्माण चिन्हित किए गए हैं जहां आवासीय भूखंडों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जा रहा है।
पहले चरण में 100 से अधिक स्कूल और हॉस्पिटल चिन्हित
आवास विकास परिषद के सर्वे में इन तीनों आवासीय परियोजनाओं में टीम ने 1500 भवन चिन्हित किए हैं, इसमें 100 से अधिक स्कूल और हॉस्पिटल संचालित हैं।
आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार का मीडिया से कहना है कि विद्युत विभाग, जलकल और नगर निगम को पत्र भेजकर आवासीय भवनों के व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के कनेक्शन काटने के लिए कहा जाएगा। स्कूलों की मान्यता खत्म करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी और हॉस्पिटलों के पंजीकरण निरस्त करने के लिए सीएमओ से कहा जाएगा। पुलिस प्रशासन की मदद भी ली जाएगी।