आगरालीक्स…Agra News: वीडियो आगरा के गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, एक मिनट 16 सेकेंड के वीडियो में देखें तेज धमाकों की आवाज के बीच साहसी छात्राओं ने साथी 100 छात्राओं की बचाई जान। ( Agra Live News: Fire break out in girl’s Hostel, Student saves life video)
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित होम साइंस इंस्टीटयूट में समाज कल्याण विभाग का गर्ल्स हॉस्टल है। इसमें 100 छात्राएं रहती हैं। रविवार सुबह गर्ल्स हॉस्टल में प्रवेश करते ही भूतल पर बिजली के बोर्ड में तेज धमाकों के साथ आग की लपटें उठने लगी। आग की लपटें और धुआं उठता देख हॉस्टल की छात्राएं आ गईं। छात्राओं ने शोर मचा दिया और गर्ल्स हॉस्टल से छात्राओं को बाहर आने के लिए कहा।
फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर पाया काबू
एक दर्जन छात्राओं ने साहस दिखाया और हॉस्टल में लगे फायर एक्सटिंग्विशर को ले आईं, इसी दौरान कर्मचारी भी आ गए, पहले छात्राओं ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने के प्रयास किए। इसके बाद कर्मचारी ने आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया। छात्राएं कर्मचारी की मदद के लिए फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध कराने लगी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से तेज धमाके भी हुए, इससे छात्राएं दहशत में आ गईं और चीख पुकार मचने लगी लेकिन साहसी छात्राओं ने हिम्मत नहीं हारी।
एक मिनट 16 सेकेंड का वीडियो, आग पर काबू पाया
छात्राओं ने कर्मचारी की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने का एक मिनट 16 सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इसमें छात्राएं आग बुझाते हुए दिखाई दे रही हैं। हॉस्टल की वार्डन डॉ. रत्ना पांडे का मीडिया से कहना है कि कुछ दिन पहले ही हॉस्टल की छात्राओं और कर्मचारियों को आग बुझाने का प्रशिक्षण भी दिया था और हॉस्टल में जगह जगह फायर एक्सटिंग्विशर लगे हुए हैं इससे कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।