आगरालीक्स …Agra News: आगरा में ट्रांसपोर्टर असगर अली की जिस कार की टक्कर से मौत हुई उसका कनेक्शन उन लोगों से निकला है जिन पर ट्रांसपोर्टर की हत्या की साजिश का शक है, कार को लावारिस छोड़ा, सीसीटीवी से मिले कई अहम सुराग।
आगरा के ट्रांसपोर्टर भोगीपुरा निवासी असगर अली का शव चार अप्रैल को मलका चबूतरा के पास सड़क पर मिला था। सीसीटीवी की जांच में सामने आया कि असगर अली सुबह पैदल जा रहे थे और पीछे से आई कार ने उन्हें टक्कर मारी थी जिससे मौके पर ही मौत हो गई। उनके बेटे डॉ. सजमन अली की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, डॉ. सजमन अली ने कार की टक्कर को हत्या की साजिश बताते हुए जीएसटी अधिकारी निवेदिता सिंह, उनके पति अजय सिंह, रवि यादव और कामराना वारसी पर शक जताया था। पुलिस को सीसीटीवी जांच में कार का नंबर मिलने के बाद जांच और तेज हो गई। ( Agra Live News: Link of car connected with suspect in Transporter Asgar Ali death in car accident, Video)
कई लोगों को बेची गई कार, कनेक्शन भी मिला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने सीसीटीवी से कार का नंबर लेने के बाद जांच की। इसमें सामने आया है कि कार दिल्ली से जालौन के एक व्यक्ति के नाम ट्रांसफर की गई। जिसने का बेची उसका उन लोगों से कनेक्शन है जिन पर ट्रांसपोर्टर असगर अली की हत्या की साजिश का शक जताया गया है। जिसने खरीदी उसका क्या कनेक्शन है यह अभी साफ नहीं हुआ है। हादसे के बाद कार के कई चालक भी बदले और सबसे बाद में कार को एक सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया गया पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई है। सर्विलांस टीम कड़ियों से कड़ियां जोड़ रही है।
ट्रांसपोर्टर ने प्रेस कांफ्रेंस कर जीएसटी अधिकारी पर लगाए थे आरोप
ट्रांसपोर्टर असगर अली ने चार महीने पहले जीएसटी अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर शिकायत की थी, यह मामला लोकायुक्त तक पहुंच गया था। जीएसटी अधिकारी द्वारा चौथ वसूली का आरोप लगाते हुए ट्रांसपोट्रर असगर अली पर मुकदमा दर्ज कराया था। घटना से दो दिन पहले ट्रांसपोर्टर असगर अली ने प्रेस कांफ्रेंस कर जान को खतरा बताया था।