आगरालीक्स…आगरा के श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर में निर्जला एकादशी पर पीतांबर रूप में सजे खाटू नरेश, दिव्य फूल बंगले ने मोहा भक्तों का मन
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर ताजगंज स्थित कटरा जोगीदास के श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य फूल बंगला एवं विशेष श्रृंगार ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगे पुष्पों से सजाया गया, जिससे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी।निर्जला एकादशी के अवसर पर खाटू नरेश को विशेष रूप से पीले पुष्पों से अलंकृत किया गया। पीतवर्णी पुष्पों से सजे बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने बाबा के समक्ष मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि निर्जला एकादशी का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष फूल बंगला एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया, ताकि श्रद्धालु दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि मंदिर को सैकड़ों किलो ताजे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिसने भक्तों को वृंदावन जैसी अनुभूति कराई।
कीर्तन के दौरान श्याम भक्तों ने भजनों पर भावपूर्ण नृत्य किया तथा बाबा के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। मंदिर परिसर देर रात तक भक्तों की उपस्थिति और श्याम नाम के संकीर्तन से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर कृष्ण अग्रवाल, राजेश गुप्ता, सुभाष अग्रवाल, उर्मिला अग्रवाल , नम्रता अग्रवाल , सीमा मिश्रा, मधु अग्रवाल आदि भक्त उपस्थित रहे।