आगरालीक्स…आगरा में बड़ी कंपनियों के नाम पर हो रही थी लैपटॉप की ठगी. पुलिस ने 38 लैपटॉप किए जब्त. महिला सहित चार आरोपी अरेस्ट
आगरा में बड़ी कंपनियों के नाम पर दुकानदारों से लैपटॉप की ठगी करने के मामले में पुलिस ने महिला सहित चार आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से 38 लैपटॉप जब्त किए हैं. इसके अलावा 74 हजार रुपये कैश भी बरामद किया गया है.25 लैपटॉप किए बुक, नहीं किया भुगतान
आगरा के एमजी रेाड पर एम्पायर कंप्यूटर सर्विसेस है. यहां पर लैपटॉप सहित अन्य उपकरणों की बिक्री की जाती है. इसके संचालक ने 16 मई को थाना हरीपर्वत और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई जिसमें बताया कि एक महिला ने अपनी कंपनी का नाम अमाडेस आईटी ग्रुप्स बताकर 25 लैपटॉप खरीदने का आर्डर दिया था. महिला और उसके साथियों को लैपटॉप दे दिए गए लेकिन भुगतान नहीं किया गया. बाद में महिला ने फोन भी उठाना बंद कर दिया जिसके बाद थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कराया गया.
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महिला सहित चार आरोपियों को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से अरेस्ट किया. पुलिस ने इनके कब्जे से 38 लैपटॉप भी बरामद किए जो कि विभिन्न कंपनियेां के थे. पकड़े गए शातिरों के नाम पवन, मयंक, आशीष व महिला है. इन्होंने बताया कि गिरोह बड़ी कंपनियेां के नाम का झांसा देकर लैपटॉप हासिल करता था. इसके बाद लैपटॉप को अलग—अलग राज्यों में कम कीमत पर बेच दिया करता था.