आगरालीक्स…गजब, आगरा में 25 साल से फरार 50 हजार का इनामी सैमुअल एआई तकनीकि से पकड़ा गया. एक कार के चालान ने पुलिस को उस तक पहुंचा दिया. पहचान छुपाकर दिल्ली में रह रहा था
आगरा की थाना लोहामंडी पुलिस ने 25 साल से फरार चल रहे 50 हजार के एक इनामी बदमाश सैमुअल उर्फ सहदेव उर्फ अमित को दिल्ली से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. आरोपी सैमुअल 25 सालों से कभी धर्म बदलकर तो कभी नाम बदलकर अलग अलग जगहों पर रहा और अब दिल्ली के एक निजी स्कूल में शूटिंग रेंज का टीचर बना हुआ था. पुलिस ने एआई टैक्निक से उसे अरेस्ट कर लिया.2002 में लूटकांड और युवती भगाने में था वांछित
पुलिस के अनुसार सैमुअल उर्फ सहदेव वर्ष 2002 में लूटकांड और युवती को भगाने के मामले में वांछित था. सैमुअल अपराधी प्रवृत्ति का था और उसने प्रेम विवाह करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस से बचने के लिए उसने अपना नाम और धर्म बदलकर कई बार पहचान छुपाई और अलग अलग राज्यों में ठिकाना बदला.
पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी में एक कार चालान से महत्वपूर्ण सुराग मिला. एआई टेक्निक से हुए इस चालान के माध्यम पुलिस को आरोपी के दिल्ली के प्रेम नगर नागलोई क्षेत्र में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से जाल बिछाया और उसे वहां से दबोच लिया. इस समय सैमुअल एक निजी स्कूल में शूटिंग रेंज टीचर के रूप में काम कर रहा था. 25 साल के लंबे फरार जीवन में उसने अपनी पहचान पूरी तरह से बदल ली थी, जिससे उसे पहचानना बेहद मुश्किल हो गया था. सैमुअल उर्फ सहदेव आगरा के वेस्ट अर्जुन नगर थाना शाहगंज का रहने वाला था.